Gorakhpur New Commissioner: जानिये कौन हैं गोरखपुर के नए मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह? बताई अपनी प्राथमिकताएं

गोरखपुर मंडल को नए मंडलायुक्त मिल गए हैं। कार्यभार संभालते ही इंद्र विक्रम सिंह ने विकास परियोजनाओं, जनसुनवाई और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर साफ संदेश दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 8:21 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश कैडर के 2009 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को गोरखपुर मंडल के नए मंडलायुक्त के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने साफ कर दिया कि विकास कार्यों में तेजी, जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर प्रदेश का महत्वपूर्ण प्रशासनिक और धार्मिक केंद्र है। ऐसे में यहां चल रही सभी प्रमुख परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

विकास परियोजनाओं की होगी नियमित समीक्षा

नवागत मंडलायुक्त ने कहा कि मंडल में चल रही सभी विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। जिन परियोजनाओं में किसी तरह की बाधा आएगी, उसे तुरंत दूर कर काम में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संकेत दिया कि हर विभाग अपने कार्यों के प्रति जवाबदेह रहेगा और विकास की रफ्तार किसी भी स्तर पर धीमी नहीं पड़नी चाहिए।

ये भी पढ़ें- अपनी मां पर ही टूट पड़ा कलयुगी बेटा! गोरखपुर में डंडे से जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जनसुनवाई को बनाया प्राथमिकता

इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि लोगों की शिकायतों का जल्द निस्तारण हो सके। मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले नागरिकों की शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

धार्मिक और पर्यटन सुविधाओं पर रहेगा खास फोकस

मंडलायुक्त ने गोरखनाथ मंदिर सहित गोरखपुर की धार्मिक और पर्यटन पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ये भी पढ़ें- लखनऊ में सस्ते घर का सुनहरा मौका! आगरा एक्सप्रेसवे पर बनेगा ‘वशिष्ठ नगर’, 2 लाख लोगों को मिलेगा आशियाना

इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और टीमवर्क प्रशासन की कार्यशैली का आधार होगा। सभी अधिकारियों से अपेक्षा की जाएगी कि वे संवेदनशीलता के साथ काम करें और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्वागत

कार्यभार ग्रहण करने के दौरान अपर आयुक्त (प्रशासन) जय प्रकाश, अपर आयुक्त अजय राय, अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव और एडीएम (वित्त) जय प्रकाश सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नए मंडलायुक्त का स्वागत करते हुए मंडल की प्रमुख विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

Location :  Gorakhpur

Published :  6 August 2026, 8:21 PM IST