हिंदी
हांसी में सीजेआई सूर्यकांत का भव्य अभिनंदन (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Hansi (Hisar): भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत शुक्रवार को हांसी पहुंचे। उनके हांसी कोर्ट परिसर पहुंचने पर हांसी बार एसोसिएशन की ओर से उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। मुख्य गेट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पारंपरिक बीन बाजा, बैंड और बैगपाइपर बैंड के साथ उनका अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा कोर्ट परिसर उत्सवमय माहौल में नजर आया।
सीजेआई न्यायमूर्ति सूर्यकांत का हेलीकॉप्टर हांसी के श्री कृष्ण प्रणामी स्कूल में बनाए गए विशेष हेलीपैड पर उतरा। वहां से कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच वे सीधे हांसी कोर्ट परिसर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जा रही थी। मुख्य न्यायाधीश के मंच को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी।
जस्टिस सूर्यकांत बनेंगे देश के 53वें CJI, 24 नवंबर को लेंगे शपथ
इस अवसर पर हांसी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश का स्वागत करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सीजेआई के साथ चंडीगढ़ स्थित पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के कई न्यायाधीश भी हांसी पहुंचे। इसके अलावा सत्र न्यायालय और उपमंडल न्यायालय के न्यायाधीशों की भी उपस्थिति रही।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत का यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि सीजेआई बनने के बाद यह उनका पहला हिसार जिला दौरा है। इस अवसर पर वे अधिवक्ताओं को संबोधित करेंगे और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगे। माना जा रहा है कि अपने संबोधन में वे न्यायपालिका की भूमिका, वकीलों की जिम्मेदारी और न्याय तक आम जनता की पहुंच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालेंगे।
कार्यक्रम के बाद मुख्य न्यायाधीश का आज रात्रि विश्राम हिसार में ही निर्धारित है। इसके पश्चात रविवार को वे नारनौंद में नवनिर्मित कोर्ट परिसर का शुभारंभ करेंगे। यह कोर्ट परिसर क्षेत्र के लोगों के लिए न्यायिक सुविधाओं को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्घाटन समारोह में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
CJI Surya Kant: जानिये Chief Justice of India की भूमिका, शक्तियां और सुविधाएँ
इसके अलावा सीजेआई सूर्यकांत अपने पैतृक गांव पेटवाड़ में आयोजित एक समारोह में भी शिरकत करेंगे। गांव में उनके आगमन को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं और ग्रामीणों में उनके स्वागत को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। न्यायमूर्ति सूर्यकांत का यह दौरा न केवल न्यायिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक और भावनात्मक रूप से भी क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Location : Hansi (Hisar)
Published : 9 January 2026, 5:19 PM IST
No related posts found.