
बगहा पुलिस की कार्रवाई करते हुए (Img: Dynamite News)
West Champaran: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत भैरोगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बुधवार की शाम करीब छह बजे भैरोगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कपरधीका स्थित कुष्ठ सोसाइटी कॉलोनी के पास गोलीबारी की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर मुखिया के पति मुन्ना दास, संदीप यादव तथा चार अन्य अज्ञात लोगों द्वारा उप-मुखिया अशोक दास और वार्ड सदस्य के पति राधेश्याम राम को गोली मार दी गई।
घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट डायल-112 की टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दी गई।
West Champaran: बगहा से नेपाल भेजा जाएगा अज्ञात शव, सामने आई बड़ी वजह
पुलिस जांच के दौरान घायल राधेश्याम राम के फर्दबयान के आधार पर भैरोगंज थाना कांड संख्या 135/26 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने मामले के शीघ्र उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। बगहा एसडीपीओ निहार भूषण के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम को मिली अहम जानकारी के आधार पर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुन्ना दास, पिता स्व. प्रेम दास, निवासी भैरोगंज वार्ड संख्या-8, थाना भैरोगंज, जिला पश्चिमी चंपारण तथा संदीप यादव, पिता रामायण यादव, निवासी भैरोगंज वार्ड संख्या-8, थाना भैरोगंज, जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में शामिल अन्य अज्ञात आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बगहा एसडीपीओ निहार भूषण और भैरोगंज थानाध्यक्ष को फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
West Champaran: कहां है गौतम? कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब, परिवार ने उठाई बड़ी मांग
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक अंचल बगहा नीरज कुमार, भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट, पु.अ.नि. राजकुमार प्रसाद, पु.अ.नि. बलराम कुमार, पु.अ.नि. सुनीता देवी, पु.अ.नि. नवजीवन पासवान के साथ जिला आसूचना इकाई बगहा और सशस्त्र बल भैरोगंज थाना के जवान शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
Location : West Champaran
Published : 3 September 2026, 7:28 PM IST