हिंदी
तेजस्वी की जुबान फिसलने पर जीतन राम मांझी का तंज (Img- Dynamite News)
Patna: पटना स्थित राजद कार्यालय में महान पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की जुबान फिसल गई। मंच से मांझी समाज के लोगों को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने गलती से दशरथ मांझी के स्थान पर जीवित केंद्रीय मंत्री 'जीतन राम मांझी' को श्रद्धांजलि देने की बात कह दी।
उन्होंने एक नहीं बल्कि दो बार जीतन राम मांझी का नाम लिया। हालांकि पीछे खड़े कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें टोककर गलती सुधारी, लेकिन तब तक उनका भाषण रिकॉर्ड होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।
तेजस्वी की इस भारी चूक पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स'पर वायरल वीडियो शेयर करते हुए तीखा तंज कसा। मांझी ने लिखा, "नशा शराब में होती तो नाचती बोतल... लगता है बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था, इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं।"
एक तीर से तीन शिकार! तेजस्वी ने निकाला सृजन का जिन्न, कटघरे में खड़े हुए केंद्र, नीतीश और भाजपा
उन्होंने आगे चेतावनी भरे लहजे में लिखा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो नशा इंसान से कुछ भी करा सकता है और आने वाले वक्त में ये जीते जी अपनों को भी श्रद्धांजलि दे बैठेंगे। इस बयान के बाद एनडीए के अन्य नेताओं ने भी तेजस्वी पर हमले तेज कर दिए हैं।
विवाद केवल भाषण तक ही सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम के दौरान एक और शर्मनाक वाकया देखने को मिला, जब एक महिला समर्थक ने दशरथ मांझी की तस्वीर पर फूल चढ़ाने के तुरंत बाद मंच पर भोजपुरी गाने पर नाचना शुरू कर दिया।
आरजेडी कार्यकर्ता उसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया। एक ही कार्यक्रम में तेजस्वी की फिसली जुबान और महिला के डांस के कारण राष्ट्रीय जनता दल को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है।
Location : Patna
Published : 18 August 2026, 3:42 PM IST