हिंदी
चिराग पासवान को हत्या की धमकी
पटना (बिहार): विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इन दिनों बिहार में अपराधों को बोलबाला अचानक बढ़ गया है। इसके साथ ही सियासी सरगर्मियां भीजोर पकड़ती जा रही है। शनिवार को बिहार की राजनीति और अपराध से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को हत्या की धमकी दी गई है। सूचना सामने आने से सियासी हलकों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में सनसनी फैल गई है। धमकी की जानकारी सामने आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट ने पटना के साइबर थाना में आधिकारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को "टाइगर मिराज इदिसी" नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से इंस्टाग्राम पर कॉमेंट कर 20 जुलाई को चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार रात करीब 9 बजे पटना साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। साइबर थाना प्रभारी नीतिश चंद्र धारिया ने इसकी पुष्टि की है और बताया कि जांच प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट और उसमें शामिल गतिविधियों की बारीकी से छानबीन की जा रही है।
इस घटना के बाद बिहार में सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बहनोई ने इसे विपक्ष की साजिश बताया है। उधर, चिराग पासवान के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी है। उन्होंने चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने और उन्हें बुलेट प्रूफ वाहन देने की मांग उठाई है। राजनीतिक हलकों में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं विपक्षी दलों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
धमकी से जुड़े प्रमुख बिंदु
धमकी इंस्टाग्राम के माध्यम से भेजी गई।
20 जुलाई को "बम से उड़ाने" की चेतावनी।
साइबर थाना में आधिकारिक शिकायत दर्ज।
पुलिस जांच जारी है।
संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान की जा रही।
चिराग समर्थकों ने बुलेट प्रूफ गाड़ी की मांग की।
मामले को राजनीति जोर पकड़ने लगी है और तमाम अटकलें लगाईं जा रही है।
Location : Patna
Published : 12 July 2025, 8:04 PM IST
Topics : Bihar Assembly Election Bihar News BJP News Keyw Chirag Paswan Lok Jan Shakti Party NDA Patna