बिहार में खौफनाक वारदात: नशे की धुन और कत्ल की सनक, दरवाजा देर से खुलने पर ली जान

नालंदा के कल्याण बिगहा में दरवाजा खोलने में देरी होने पर शराबी पति ने पत्नी को मारी गोली। बाइक विवाद और नशे के कारण हुआ खौफनाक कत्ल। नालंदा पुलिस ने आरोपी को हथियार समेत किया गिरफ्तार। पूरी खबर पढ़ें

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 September 2026, 1:01 PM IST

Nalanda: बिहार के नालंदा जिले में एक बार फिर नशा और घरेलू कलह का बेहद खौफनाक रूप देखने को मिला है। कल्याण बिगहा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव में एक पति ने सिर्फ इतनी सी बात पर अपनी 26 वर्षीया पत्नी कांति देवी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी, क्योंकि उसने दरवाजा खोलने में थोड़ी देर कर दी थी।

आरोपी की पहचान लड्डू मांझी के रूप में हुई है, जो ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाने का काम करता है। वह दो महीने तक दरभंगा में मजदूरी करने के बाद गुरुवार की रात भारी नशे में धुत होकर अपने घर वापस लौटा था।

बाइक का विवाद और कुंडी खुलने में देर बनी वजह

आरोपी की मां के अनुसार, लड्डू मांझी पिछले कुछ समय से एक नई मोटरसाइकिल खरीदना चाहता था, लेकिन उसकी पत्नी आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए इसका विरोध कर रही थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था।

बिहार में हैवानियत: 13 साल की दिव्यांग से दरिंदगी, गर्भवती हुई तो आरोपी ने पत्नी संग मिलकर कराया गर्भपात

गुरुवार की रात जब वह नशे की लत में चूर होकर घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, तो कांति को दरवाजा खोलने में जरा सी देरी हो गई। इसी बात से बौखलाए लड्डू मांझी ने पत्नी से कहा-सुनी शुरू कर दी और गुस्से में आकर उस पर तमंचे से फायर कर दिया। सिर में सीधे गोली लगने से कांति देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने आरोपी को हथियार के साथ किया गिरफ्तार

अचानक हुई गोलीबारी की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सन्न रह गए और तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निशा भारती पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और आरोपी लड्डू मांझी को आला-ए-कत्ल (हथियार) के साथ मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है।

Location :  Nalanda

Published :  18 September 2026, 1:01 PM IST