
मुजफ्फरपुर का वांछित बदमाश राजेश भगत धराया (सोर्स- एक्स)
Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सबसे बड़े वांछित अपराधियों में शुमार और टॉप-10 की सूची में शामिल राजेश भगत आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया है। बिहार एसटीएफ (STF) की विशेष टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पटना रेलवे स्टेशन के पास से उसे धर दबोचा। वह पिछले नौ साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था और अब अपनी पहचान बदलकर दिल्ली भागने की फिराक में था।
राजेश भगत लंबे समय से अपनी गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। हाल ही में उसे भनक लगी थी कि पुलिस उसकी सुरागकशी में जुटी है, जिसके बाद उसने बिहार से बाहर भागने की योजना बनाई। वह मुजफ्फरपुर से निकलकर सीधे पटना पहुंचा और ट्रेन पकड़कर दिल्ली फरार होने की जुगत में था।
लेकिन, बिहार STF की रडार पर पहले से ही उसका मूवमेंट था। पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर STF की टीम ने पटना रेलवे स्टेशन के आसपास पहले से ही जाल बिछा रखा था। जैसे ही राजेश भगत स्टेशन के करीब पहुंचा, सुरक्षाबलों ने उसे घेरकर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।
गिरफ्तार अपराधी राजेश भगत मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के सनाथी गांव का रहने वाला है। उस पर साल 2017 में कुढ़नी थाने में लूटपाट का एक गंभीर मामला दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था।
न्यायालय और पुलिस के रिकॉर्ड में भगोड़ा घोषित होने के कारण मुजफ्फरपुर पुलिस ने उसे जिले के 'टॉप-10 वांछित अपराधियों' की सूची में शामिल किया था। पिछले नौ सालों से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश बना रही थी, लेकिन वह हर बार ठिकाना बदलकर बच निकलता था।
गौतम मौर्य हत्याकांड: मुख्य आरोपी समीर इदरीसी का ‘पाप का साम्राज्य’ ध्वस्त, अवैध मकान ढहाया गया
पटना एसटीएफ की गिरफ्त में आने के बाद राजेश भगत से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में उसने कई अहम खुलासे किए हैं, जिससे पुलिस को उसके अन्य आपराधिक सहयोगियों और सिंडिकेट के बारे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
STF और मुजफ्फरपुर पुलिस की संयुक्त टीमें राजेश भगत की निशानदेही पर मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को करारा झटका लगा है और जल्द ही इस गैंग से जुड़े अन्य गुर्गों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
Location : Muzaffarpur
Published : 20 August 2026, 1:51 PM IST