हिंदी
बिहार शिक्षक विवाद (Img- Internet)
Patna: बिहार की राजधानी पटना में दो बड़े कोचिंग संचालकों के बीच उपजा विवाद अब कानूनी और राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर के दोनों अंगरक्षकों (बॉडीगार्ड्स) को अदालत से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है और उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई टल गई है।
कोर्ट ने पटना पुलिस से मामले की केस डायरी और अपडेट रिपोर्ट मांगी है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच, जेल से बाहर आए प्रतिद्वंदी शिक्षक रौशन आनंद ने खान सर पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए अपने भाई की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग उठा दी है।
पटना पुलिस द्वारा दो कोचिंग संचालकों के आपसी विवाद को लेकर दर्ज किए गए मामले की सुनवाई स्थानीय अदालत में हुई। अदालत ने फैजल खान के अंगरक्षकों की जमानत याचिका पर तुरंत फैसला न सुनाते हुए पुलिस को मामले का पूरा इनपुट देने का निर्देश दिया। कोर्ट ने केस डायरी तलब करते हुए अगली सुनवाई के लिए 20 जून की तारीख तय की है।
राहत की बात यह है कि अदालत ने फिलहाल खान सर की गिरफ्तारी पर रोक बरकरार रखी है और उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर भी इसी दिन यानी 20 जून को सुनवाई होगी। वहीं, दूसरी ओर रौशन आनंद के सहयोगी अभिषेक की जमानत याचिका को लेकर भी आज अपील दायर की जाएगी।
जेल से छूटते ही रौशन आनंद के तीखे बोल, खान सर और पटना पुलिस पर लगाये गंभीर आरोप; जानें क्या कहा…
इस पूरे विवाद और गंभीर आरोपों के बीच, एक दिन पहले फैजल खान ने सोशल मीडिया पर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की असमय मृत्यु को लेकर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की थी। खान सर ने रौशन आनंद द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सब किसी तीसरे पक्ष की सोची-समझी साजिश है, जो हम दोनों की लड़ाई का गलत फायदा उठाना चाहता है।
प्रिंस की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इतनी कठोर स्थिति से परिवार कैसे उबर पाएगा, यह सोचना भी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि दुश्मन के परिवार के साथ भी ऐसा न हो। खान सर ने आश्वासन दिया कि वे इस कठिन समय में पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने के लिए तैयार हैं।
सोमवार को जेल से रिहा होने के बाद शिक्षक रौशन आनंद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फैजल खान पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सोची-समझी साजिश के तहत उनके भाई की हत्या करवाई गई है। रौशन आनंद ने इस पूरे मामले के पीछे फैसल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद की मुख्य भूमिका होने का दावा किया।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मेरे परिवार ने अपने जिगर का टुकड़ा खोया है, जिसकी भरपाई नामुमकिन है।" उन्होंने बिहार सरकार से न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने और हाई-लेवल कमेटी गठित कर शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
रौशन आनंद ने खान सर को 'अपराधी' बताते हुए दावा किया कि उसी ने गोली चलवाई और इस पूरी घटना का ताना-बाना बुना। उन्होंने चेतावनी दी कि वे खान सर की "रत्ती-रत्ती" सच्चाई समाज के सामने लाएंगे और उस राजनीतिक संरक्षण का भी पर्दाफाश करेंगे जिसके दम पर उन्हें बचाया जा रहा है।
आनंद ने एक और चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि जेल के भीतर भी उनकी हत्या की साजिश रची गई थी, लेकिन जेल प्रशासन की मुस्तैदी से उनकी जान बच सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें केस वापस लेने और समझौता करने के लिए लगातार डराया-धमकाया जा रहा था और बात न मानने पर ही उनके भाई को जान गंवानी पड़ी।
Location : Patna
Published : 16 June 2026, 12:42 PM IST