Bihar News: पैरों से लाचार, जेब में चंद सिक्के फिर भी दान में दे दिया अपना थोड़ा सा खाना; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

गया के महाबोधि मंदिर के पास एक दिव्यांग व्यक्ति का वीडियो वायरल है। खुद भीख मांगने के बावजूद उसने बौद्ध भिक्षुओं को चंद सिक्के और खाना दान किया। वीडियो को 3.6 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 30 October 2026, 11:52 AM IST
google-preferred

Gaya: बिहार के गया जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर के पास से इंसानियत की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। वीडियो में एक दिव्यांग व्यक्ति बौद्ध भिक्षुओं को अपने पास मौजूद चंद सिक्के और थोड़ा सा खाना दान करता नजर आ रहा है।

खास बात यह है कि वह व्यक्ति खुद सड़क किनारे बैठकर भीख मांग रहा था, लेकिन इसके बावजूद उसने जरूरतमंदों की मदद करने से पीछे हटना मुनासिब नहीं समझा। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को अब तक 3.6 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

भिक्षुओं को देखकर जेब से निकाले चंद सिक्के

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ बौद्ध भिक्षु दान पात्र लेकर सड़क से गुजर रहे हैं। इसी दौरान एक भिक्षु सड़क किनारे बैठे दिव्यांग व्यक्ति के पास रुकते हैं। व्यक्ति अपनी जेब टटोलता है और उसमें रखे कुछ सिक्के निकालकर भिक्षु के दान पात्र में डाल देता है। इसके बाद वह अपने पास रखा थोड़ा सा खाना भी दान कर देता है। यह दृश्य दिखाता है कि मदद करने की भावना केवल आर्थिक संपन्नता पर निर्भर नहीं होती।

बर्थडे पार्टी में तलवारबाजी और स्टंटबाजी! महराजगंज में युवकों की बाइक रैली का वीडियो वायरल, 5 हिरासत में

टोपी उतारकर छुए भिक्षु के पैर

दान देने के बाद वह व्यक्ति अपनी टोपी उतारता है और दोनों हाथों से भिक्षु के पैर छूकर सिर झुकाता है। उसके इस व्यवहार ने वीडियो को और भावुक बना दिया। इसके जवाब में भिक्षु भी उसे स्नेह दिखाते हैं। वे व्यक्ति को पानी की छोटी बोतल और बिस्कुट का पैकेट देते हैं।

इसके अलावा अपने पास से एक और बिस्कुट पैकेट और कुछ नकद राशि निकालकर उसे सौंपते हैं। भिक्षु उसके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद भी देते हैं। आसपास मौजूद अन्य भिक्षु और लोग भी इस पूरे दृश्य को देखते नजर आते हैं।

3.6 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियो

बताया जा रहा है कि यह वीडियो 27 अक्टूबर 2026 के आसपास सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। इसके बाद से इसे लगातार शेयर किया जा रहा है। इंस्टाग्राम पर लोग इस दृश्य को मानवता, करुणा और उदारता की मिसाल बता रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि किसी के पास कितने पैसे हैं, इससे उसकी अमीरी तय नहीं होती, बल्कि दूसरों के लिए उसके मन में कितनी संवेदना है, यह ज्यादा मायने रखता है।

यूजर्स बोले- यही है इंसानियत की असली तस्वीर

वीडियो पर लोगों ने भावुक प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, 'यही मानवता की परिभाषा है।' वहीं, दूसरे यूजर ने दिव्यांग व्यक्ति की तारीफ करते हुए कहा कि उसने अपनी सीमित जरूरतों के बावजूद जो कुछ उसके पास था, वह दे दिया। कुछ लोगों ने उसे दुनिया का सबसे अमीर इंसान बताया। कई यूजर्स ने लिखा कि इस वीडियो से सीख मिलती है कि मदद करने के लिए बहुत धनवान होना जरूरी नहीं है।

Chhath Puja Viral Video: मां से मिलने के लिए शख्स ने खर्च की पूरे महीने की सैलरी, पहली फ्लाइट का वीडियो हुआ वायरल

महाबोधि मंदिर का धार्मिक महत्व

गया स्थित महाबोधि मंदिर बौद्ध धर्म के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है। मान्यता है कि इसी स्थान पर भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु और बौद्ध भिक्षु पहुंचते हैं। वायरल वीडियो में दिखा दिव्यांग व्यक्ति और भिक्षु के बीच का यह भावुक पल लोगों को करुणा, सम्मान और आपसी सहयोग का संदेश दे रहा है।

Location :  Gaya

Published :  30 October 2026, 11:52 AM IST

Advertisement