हिंदी
बिहार के सीएम नीतीश कुमार
Patna: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि यह योजना राज्य की प्रत्येक महिला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से यह जानकारी साझा की।
नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार नवंबर 2005 से ही महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अब राज्य की महिलाएं न केवल परिवार का आर्थिक आधार बन रही हैं, बल्कि बिहार की प्रगति में भी योगदान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को उनकी पसंद के रोजगार को शुरू करने के लिए प्रारंभिक आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और उन्हें अपने ही राज्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे लोगों को मजबूरी में राज्य से बाहर रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार की प्राथमिकता हमेशा से महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सक्षम बनाना रही है। यह नई योजना बिहार के सामाजिक और आर्थिक विकास में एक अहम मील का पत्थर साबित होगी।
Location : Patna
Published : 29 August 2025, 11:48 AM IST
Topics : Bihar CM News Bihar News Patna News