छठ पर बयान और भड़की बिहार की सियासत, राहुल गांधी पर नेताओं का वार-पलटवार जारी

बिहार में राहुल गांधी के छठ बयान पर सियासत गर्म है। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें छठ पर्व का कोई ज्ञान नहीं है। वहीं बीजेपी नेताओं ने भी इसे बिहार की आस्था पर प्रहार बताते हुए कांग्रेस को जनता से माफी मांगने की सलाह दी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 November 2025, 2:14 PM IST
google-preferred

Patna: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजनीतिक बयानबाज़ी का दौर तेज हो गया है। इसी बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक बयान ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है। राहुल गांधी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि “मोदी जी छठ पूजा जैसे लोक आस्था के पर्व को भी राजनीतिक दिखावे में बदल देते हैं।” इस बयान के बाद बिहार में विरोधी दलों ने उन्हें घेर लिया है।

तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी के बयान को बिहार की आस्था का अपमान बताया। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए तेज प्रताप ने कहा “राहुल गांधी जी को छठ के बारे में क्या पता है? उन्होंने कभी छठ किया है? जो आदमी विदेश भाग जाता हो, उसे छठ पर्व का क्या ज्ञान है?”

उन्होंने कहा कि छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि बिहार की आत्मा है। राहुल गांधी जैसे नेता बिहार की संस्कृति और परंपराओं को समझ ही नहीं सकते। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं को धार्मिक आस्था और लोकसंस्कृति पर टिप्पणी करने से पहले सोचना चाहिए।

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में बड़ी-बड़ी घोषणाओं के बीच बारिश ने खोली विकास की पोल, देखें तीखी बहस

बीजेपी नेताओं ने भी साधा निशाना

राहुल गांधी के बयान पर बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने छठ महापर्व को नौटंकी कहा, जो बिहार की जनता का अपमान है। छठ लोक आस्था का प्रतीक है — जिसमें उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। विदेश में पढ़े राहुल गांधी को इस पर्व की पवित्रता का ज्ञान नहीं।”

जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का विवेक खत्म हो गया है और विपक्ष पूरी तरह “डिप्रेशन” में है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे बयान बिहार की संस्कृति पर चोट हैं, जिसका जवाब जनता चुनाव में देगी।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का बयान

इस विवाद पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी विपक्ष के नेता के पद पर बैठे हैं, फिर भी छठ पूजा जैसी लोक आस्था को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और बिहार की जनता दोनों का अपमान किया है। यह निंदनीय है और जनता उन्हें इसका करारा जवाब देगी।”

“बिहार चुनाव लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है”: सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का बयान, जानें और कहा

मेघवाल ने कहा कि छठ पूजा अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश और दुनिया में श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। इसे “ड्रामा” या “नौटंकी” कहना असंवेदनशीलता है। राहुल गांधी के बयान ने बिहार की सियासत को नया मोड़ दे दिया है। छठ जैसे लोकआस्था के पर्व को लेकर दिया गया उनका वक्तव्य अब विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों के लिए चुनावी मुद्दा बन गया है। तेज प्रताप यादव से लेकर बीजेपी के वरिष्ठ नेता तक इसे “बिहार की संस्कृति और श्रद्धा पर हमला” बता रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने सफाई दी है कि राहुल गांधी का इरादा धार्मिक आस्था को ठेस पहुँचाना नहीं, बल्कि “राजनीति में दिखावे” की संस्कृति पर टिप्पणी करना था। लेकिन अब जब छठ महापर्व नजदीक है, इस बयान ने बिहार की चुनावी हवा में नई गरमी जरूर ला दी है।

Location : 
  • Patna

Published : 
  • 1 November 2025, 2:14 PM IST

Advertisement
Advertisement