पटना में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भारी बवाल, डाकबंगला चौराहे पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में तीखी झड़प

पटना में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर वाम दलों, ट्रेड यूनियनों और कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। मतदाता सूची में गड़बड़ी और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर राजभवन घेराव करने निकले प्रदर्शनकारियों की डाकबंगला चौराहे पर पुलिस से तीखी झड़प हुई, जहां बैरिकेड्स तोड़कर भीड़ आगे बढ़ गई।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 28 September 2026, 1:14 PM IST
google-preferred

Patna: बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब हजारों प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। JP गोलंबर से शुरू हुआ यह विरोध मार्च जल्द ही एक बड़े आंदोलन में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी, वोट चोरी के आरोपों, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

JP गोलंबर से मार्च की शुरुआत; शहर का ट्रैफिक ठप

इस विरोध मार्च में CPI, AISA, AISF, किसान संगठनों और ट्रेड यूनियनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारी लोक भवन और राज भवन का घेराव करने के मकसद से आगे बढ़े। सड़कों पर भारी भीड़ के कारण राजधानी में ट्रैफिक बाधित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट के मुद्दों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और जोर दिया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए।

यह भी पढ़ें - Patna BPSC Protest: छात्रों ने तोड़े बैरिकेड, फिर पुलिस ने चलाया लाठीचार्ज और वाटर कैनन; पटना में मचा बवाल

डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प

मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने डाकबंगला चौराहे के पास बैरिकेड्स लगाए थे। हालांकि, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस हुई। कुछ प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़ने और आगे बढ़ने में कामयाब रहे। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।

बाढ़, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे भी उठाए गए

विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने बाढ़ और सूखे से प्रभावित किसानों के लिए ठोस राहत नीति की मांग की। इसके अलावा बिहार में बढ़ती बेरोजगारी और पलायन को लेकर सरकार की आलोचना हुई। प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर असंतोष जाहिर किया।

यह भी पढे़ें - Protest in Patna: बिहार में फिर बवाल, पटना में छात्रों का CM आवास कूच; भारी पुलिस फोर्स और तनाव

कांग्रेस ने भी किया विरोध प्रदर्शन

इस बीच बिहार कांग्रेस ने भी कथित 'वोट चोरी' और चुनाव आयोग के कामकाज के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पटना सिटी कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासन अब कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बदलती स्थिति पर नजर रखने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

Location :  Patna

Published :  28 September 2026, 1:14 PM IST

Related News

Advertisement