हिंदी
गांधी सेतु के पास खौफनाक हादसा (Img- X)
Hajipur: बिहार के हाजीपुर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर 9 के पास गंगा नदी के तेज बहाव में एक नाव अनियंत्रित होकर डूब गई।
तेरसिया दियारा इलाके से आ रही यह नाव पानी के भीतर छिपे एक भारी-भरकम बोल्डर (पत्थर) से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि नाव का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और चंद पलों में ही वह उफनती गंगा नदी में समा गई।
नाव डूबते ही सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। नाव पर क्षमता से अधिक करीब 10 लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के वक्त किनारे पर मौजूद स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तुरंत अपनी जान जोखिम में डाली और बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ लोग तैरकर किनारे आने में सफल रहे, जबकि स्थानीय लोगों की मदद से 7 लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बिहार के 5.5 लाख शिक्षकों की बल्ले-बल्ले! 7वां वेतन आयोग लागू हुआ तो हर महीने इतनी मिलेगी सैलरी
हालांकि, इस हादसे में 3 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। घटना के बाद से ही तेरसिया दियारा और गांधी सेतु के आसपास के इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है।
अपनों को खोने के डर से लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही गंगा ब्रिज थाना पुलिस के साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे। लापता तीनों लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। गोताखोरों की मदद से गंगा के तेज बहाव में व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द लापता लोगों का सुराग लगाया जा सके।
Location : Hajipur
Published : 8 September 2026, 4:55 PM IST