Site icon Hindi Dynamite News

आधी रात की गिरफ्तारी के बाद अनंत सिंह का बड़ा बयान, जानें पोस्ट कर क्या बोले?

बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा से उम्मीदवार अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड में शनिवार देर रात गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद अनंत सिंह का फेसबुक पोस्ट वायरल हुआ। अनंत सिंह के साथ दो और लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
आधी रात की गिरफ्तारी के बाद अनंत सिंह का बड़ा बयान, जानें पोस्ट कर क्या बोले?

Patna: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। शनिवार देर रात उन्हें दुलारचंद हत्याकांड मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी चुनाव प्रचार के बीच हुई, जिससे राज्य की सियासत में जबरदस्त हलचल मच गई है। गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही अनंत सिंह का एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो गया।

क्या बोले अनंत सिंह?

गिरफ्तारी के तुरंत बाद अनंत सिंह के आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा किया गया। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सत्यमेव जयते। मुझे मोकामा की जनता पर पूर्ण भरोसा है। अब चुनाव मोकामा की जनता लड़ेगी।” इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया गया, जिसमें उनकी गिरफ्तारी के दृश्य नजर आ रहे हैं।

Anant Singh Arrest: बिहार की सबसे बड़ी खबर; मोकामा दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह गिरफ्तार, CID की हुई एंट्री

 देर रात की कार्रवाई में तीन लोग गिरफ्तार

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अनंत सिंह, मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम उर्फ दिमागी शामिल हैं। एसएसपी के अनुसार, मोकामा के तारतर इलाके में 30 अक्टूबर को दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

जांच के दौरान यह पाया गया कि घटना के समय अनंत सिंह मौके पर मौजूद थे और उन्होंने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया। इसके बाद शनिवार देर रात यह कार्रवाई की गई।

प्राथमिकी और पुलिस जांच

दुलारचंद के परिजनों ने अनंत सिंह समेत चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में पियूष प्रियदर्शी नामक व्यक्ति ने भी छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने स्वतंत्र जांच करते हुए पाया कि मामला हत्या का है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई है। एसएसपी ने कहा कि अनंत सिंह को इस केस का मुख्य अभियुक्त बनाया गया है। अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Bihar Election 2025: अखिलेश यादव का बिहार चुनावी दौरा, जनसभाओं से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील

आज कोर्ट में पेश होंगे तीनों आरोपी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों को रविवार दोपहर पटना सिविल कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच, प्रशासन ने मोकामा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बिहार में चुनावी माहौल गरमाया

बिहार में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा दिया है। एक तरफ विपक्ष इसे “राजनीतिक साजिश” बता रहा है, तो दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई कानून के तहत की गई है। मोकामा सीट लंबे समय से अनंत सिंह का गढ़ मानी जाती है, लेकिन इस गिरफ्तारी के बाद उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version