हिंदी
Tata Aeris (image: social media)
New Delhi: भारतीय कार बाजार में कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में मुकाबला और तेज हो गया है। टाटा मोटर्स ने अपनी नई कार Tata Aeris को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस कार को टिगोर के रिप्लेसमेंट के तौर पर बाजार में उतारा है। नई एरिस में डिजाइन के साथ-साथ सेफ्टी और टेक्नोलॉजी फीचर्स पर खास फोकस किया गया है। टाटा का दावा है कि इस कार को निजी ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी डिजायर, हुंडई ऑरा और होंडा अमेज जैसी लोकप्रिय कारों से होगा।
Tata Aeris में कंपनी ने कई आधुनिक फीचर्स शामिल किए हैं। कार में 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, इन-बिल्ट डैशकैम, लेदर सीट्स और वेंटिलेटेड सीट्स जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा कार में 360 डिग्री कैमरा और 6 एयरबैग जैसे सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं। इंटीरियर की बात करें तो इसका डिजाइन काफी हद तक टाटा टियागो से मिलता-जुलता है।
टाटा ने Aeris को पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों में लॉन्च किया है। कंपनी की दूसरी कारों की तरह इसमें भी डुअल CNG सिलेंडर टेक्नोलॉजी दी गई है। इस कार का CNG वेरिएंट ऑटोमैटिक मैनुअल ट्रांसमिशन (AMT) के साथ भी उपलब्ध होगा। कंपनी के अनुसार कार सीधे CNG मोड में स्टार्ट हो सकती है। इसमें 70 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है।
Tata Aeris में सुरक्षा को लेकर कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। इसमें DVR, TPMS, ब्लाइंड व्यू मॉनिटरिंग, रोल ओवर मिटिगेशन, हिल होल्ड कंट्रोल, कॉर्नर स्टेबिलिटी कंट्रोल, पोस्ट क्रैश SOS सपोर्ट और पोस्ट क्रैश पैनिक नोटिफिकेशन जैसे फीचर्स शामिल हैं। कंपनी ने कार की मजबूती दिखाने के लिए एक सेफ्टी टेस्ट भी किया, जिसमें CNG वेरिएंट के ऊपर ट्रक से मलबा गिराया गया। कंपनी के मुताबिक टेस्ट के बाद भी कार को आसानी से चलाया गया।
Tata Aeris में पेट्रोल इंजन 86 PS की पावर और 113 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं CNG वेरिएंट 75.5 PS की पावर और 96.5 Nm का टॉर्क देता है। कार में 170 mm का ग्राउंड क्लियरेंस मिलता है। कंपनी का कहना है कि इसके सस्पेंशन को भारतीय सड़कों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। AMT मॉडल में कॉम्पैक्ट गियर नॉब के साथ पैडल शिफ्टर भी दिए गए हैं।
Tata Aeris की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.29 लाख रुपये रखी गई है। वहीं CNG वेरिएंट की कीमत 6.29 लाख रुपये से शुरू होती है। कार का पेट्रोल टॉप वेरिएंट 8.19 लाख रुपये और टॉप CNG वेरिएंट 9.19 लाख रुपये एक्स-शोरूम कीमत पर आएगा। कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और डिलीवरी नवरात्रि के पहले दिन से शुरू होने की जानकारी दी है। टाटा ने Aeris को मारुति सुजुकी डिजायर से करीब 1 लाख रुपये कम शुरुआती कीमत पर उतारा है, जिससे इस सेगमेंट में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
Location : New Delhi
Published : 25 September 2026, 4:45 PM IST
Topics : CNG car New Car Launch Tata Aeris Tata Sedan tata motors