हिंदी
ऑनलाइन डिलीवरी फ्रॉड (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
New Delhi: "ऑर्डर दिया, पानी मांगा और फिर घर के अंदर आने की जिद करने लगा..."- क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर से बड़ा सवालिया निशान लग गया है। राजधानी दिल्ली से एक डरावनी घटना सामने आई है, जहाँ एक युवती ने जेप्टो (Zepto) के डिलीवरी पार्टनर पर बदसलूकी और जबरन घर में घुसने का गंभीर आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस मामले ने ऑनलाइन शॉपिंग और होम डिलीवरी की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
घटना की शुरुआत तब हुई जब युवती ने जेप्टो के जरिए घर पर एक ऑर्डर मंगवाया। डिलीवरी पार्टनर ने सामान तो सही सलामत पहुंचा दिया, लेकिन इसके बाद जो हुआ, वह किसी भयानक सपने जैसा था। डिलीवरी बॉय ने युवती से पीने के लिए पानी की मांग की। दरियादिल दिखाते हुए महिला ने उसे पानी की एक पूरी बोतल थमा दी और कहा कि वह इसे अपने साथ ले जा सकता है।
लेकिन मामला तब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया जब कुछ ही देर बाद वह डिलीवरी पार्टनर खाली बोतल वापस करने के बहाने फिर लौट आया। उसने दोबारा पानी और सिर्फ पांच मिनट के लिए घर के अंदर आने की अनुमति मांगी। महिला ने स्पष्ट रूप से मना करते हुए उसे याद दिलाया कि बाहर बैठने के लिए पर्याप्त जगह है, इसलिए अंदर आने की कोई आवश्यकता नहीं है।
महिला के बार-बार मना करने के बावजूद डिलीवरी बॉय अपनी जिद पर अड़ा रहा और लगातार घर के अंदर घुसने का प्रयास करता रहा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए जब महिला ने किसी तरह दरवाजा बंद करने की कोशिश की, तो आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
दरवाजा बंद होने के बाद उसने बौखलाहट में लगातार डोरबेल बजानी शुरू कर दी और जोर-जोर से गेट पीटने लगा। इस अचानक हुई हरकत से घबराई महिला ने खुद को अंदर बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई और इस डरावने अनुभव को सोशल मीडिया पर बयां किया।
सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा करते हुए पीड़िता ने जेप्टो प्रबंधन से इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, जब महिला ने इस सुरक्षा चूक की शिकायत ऐप के माध्यम से कंपनी तक पहुंचाई, तो उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पीड़िता के अनुसार, उसे केवल एक रटा-रटाया ऑटोमेटेड रिप्लाई मिला, जिसमें लिखा था कि मामले की जांच चल रही है।'
Location : New Delhi
Published : 31 July 2026, 3:03 PM IST
Topics : delhi crime news Online Delivery Incident Viral video Woman Safety Delhi Zepto Delivery Boy