बेंगलुरु की सड़क पर दिनदहाड़े गुंडागर्दी: ऑटो ड्राइवर और दो लड़कियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल

बेंगलुरु के HSR लेआउट से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक ऑटो ड्राइवर और दो लड़कियों के बीच सड़क पर बीच-बचाव के बावजूद जमकर हाथापाई होती नजर आ रही है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 30 September 2026, 3:51 PM IST

Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक चौंकाने वाली घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। आईटी हब के रूप में मशहूर इस शहर के HSR लेआउट इलाके में सड़क किनारे दो लड़कियों और एक ऑटो ड्राइवर के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई शुरू हो गई। घटना के समय सड़क पर आवाजाही जारी थी, लेकिन बीच-बचाव करने के बजाय ज्यादातर लोग सिर्फ मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे।

क्या था पूरा मामला?

शुरुआती रिपोर्ट्स और प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो यह पूरा विवाद ऑटो के किराए को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि ऑटो चालक और एक लड़की के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

इस दौरान जब दूसरी लड़की अपनी सहेली को बचाने और बीच-बचाव करने आगे आई, तो ऑटो ड्राइवर उससे भी उलझ पड़ा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और मारपीट चलती रही।

बैरियर लगाकर हो रही थी पैसों की वसूली! बदायूं में ट्रैफिक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स का कहना है कि दिन के उजाले में महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार गलत है, वहीं स्थानीय भाषा समझने वाले कई यूजर्स का दावा अलग है।

उनका कहना है कि वीडियो के बैकग्राउंड में आ रही कन्नड़ भाषा की आवाजों से लगता है कि विवाद की शुरुआत युवतियों की तरफ से हुई थी। इंटरनेट पर लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस को किसी एक पक्ष का पक्ष लिए बिना पूरी सच्चाई सामने लानी चाहिए।

गोरखपुर फर्जी पुलिसकर्मी और अधिवक्ता बनकर वीडियो वायरल करने वाले दो गिरफ्तार, शाहपुर पुलिस की जांच में खुलासा

पुलिस जांच और सुरक्षा पर उठे सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा और भाषा विवाद या बाहरी बनाम स्थानीय के मुद्दों को हवा दे दी है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस वीडियो के आधार पर जांच में जुट गई है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के बाद ही साफ हो पाएगा कि गलती किसकी थी और विवाद की मुख्य वजह क्या थी।

Location :  Bengaluru

Published :  30 September 2026, 3:51 PM IST