हिंदी
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट पर है। पुलिस सीमाओं पर जांच के साथ-साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी कर रही है। दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के अनुसार, सुरक्षा कारणों से 57 मेट्रो स्टेशनों के कुछ गेट 9 अक्टूबर से बंद किए गए हैं। ये गेट 10 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा से पहले संबंधित मेट्रो स्टेशन के गेट की स्थिति की जानकारी ले लें।
दिल्ली पुलिस ने एक दिन पहले बयान जारी कर प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने की वजह बताई थी। पुलिस के मुताबिक, CJP की ओर से प्रदर्शन के लिए आवेदन 7 अक्टूबर को मिला था, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को प्रस्तावित था। पुलिस ने कहा कि आवेदन निर्धारित समयसीमा के भीतर नहीं दिया गया।
पुलिस ने पहले हुए प्रदर्शनों के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन को भी अनुमति नहीं देने के फैसले की वजह बताया। इसके अलावा, नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने का हवाला दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लागू प्रतिबंधों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दक्षिणी दिल्ली में सुरक्षा इंतजामों को लेकर डीसीपी ने बताया कि सीमाओं पर जांच कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान करने वाले संगठनों के सदस्यों की पहचान कर उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य राजधानी में किसी भी अनधिकृत जमावड़े और अप्रिय घटना को रोकना है।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां तकनीक की मदद से भी स्थिति पर नजर रख रही हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनधिकृत जमावड़े की जानकारी समय रहते मिल सके।
फिलहाल, जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। यात्रियों और आम नागरिकों को सलाह है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें और अपनी यात्रा की योजना बनाते समय मेट्रो से संबंधित अपडेट जरूर देख लें।
Location : New Delhi
Published : 10 October 2026, 9:17 AM IST
Topics : Delhi CJP Protest Delhi Metro 57 Stations Delhi Police Security Delhi Protest Live Jantar Mantar Protest