“स्कूल बंद करके PDA के बच्चों के सपनों पर डाका डाल रही सरकार”, पटखौली में गरजे पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल

महराजगंज के पटखौली गांव में शिक्षक दिवस पर बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय को लेकर सपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने स्कूल बंद होने को लेकर तीखा हमला बोला और PDA समाज के बच्चों की शिक्षा का मुद्दा उठाया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 September 2026, 7:37 PM IST

Maharajganj: सिसवा विधानसभा क्षेत्र के पटखौली गांव में शिक्षक दिवस के दिन बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज बुलंद की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल के नेतृत्व में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटखौली गांव पहुंचकर बच्चों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया।

इस दौरान बंद पड़े विद्यालय को दोबारा संचालित कराने की मांग को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए।

विद्यालय सिर्फ भवन नहीं 

कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि गांव का विद्यालय सिर्फ भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों के भविष्य का रास्ता है। विद्यालय के बंद होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ सकता है। नेताओं ने कहा कि शिक्षा के अवसर गांव के बच्चों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- सिसवा विधानसभा के पटखौली गांव में बंद स्कूल पर सपा का हल्लाबोल, पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल गरजे- बोले PDA बच्चों के सपनों पर डाका डाल रही सरकार’

पूर्व मंत्री ने सरकार पर साधा निशाना

पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार विद्यालयों को बंद करके PDA समाज के बच्चों के सपनों पर डाका डालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, पिछड़े और वंचित समाज के बच्चों के लिए सरकारी विद्यालय शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में विद्यालयों को बंद करने के बजाय उन्हें बेहतर सुविधाओं से लैस करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पटखौली के बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय को पुनः खुलवाया जाएगा। विद्यालय को केवल खोलने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए हाईटेक विद्यालय के रूप में विकसित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि PDA समाज के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करें, प्रतियोगिता में आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें, यही समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें- अमेठी में बंद सरकारी विद्यालयों में सपा ने मनाया शिक्षक दिवस, सरकार बनने पर स्कूल फिर शुरू कराने का किया ऐलान

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। शैलेश सुल्तानिया, प्रवीण सिंह, अरुण उपाध्याय, छोटेलाल, मनोज कुमार सिंह, सद्दाम हुसैन, अंशुमान पाण्डेय, नदीम अहमद, हरिद्वार गुप्ता और अमरनाथ यादव समेत सैकड़ों लोगों की मौजूदगी रही।

Location :  Maharajganj

Published :  5 September 2026, 7:37 PM IST