Video: विद्युत विभाग की मनमानी के खिलाफ गरजे किसान, गन्ना मंत्री को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की दी चेतावनी

देहरादून के डोईवाला में अखिल भारतीय किसान सभा ने स्मार्ट मीटरों के जबरन इंस्टॉलेशन और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उप जिलाधिकारी के माध्यम से गन्ना मंत्री को ज्ञापन भेजा गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 May 2026, 3:42 PM IST

Dehradun: अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग द्वारा जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के विरोध और गन्ना किसानों के लंबे समय से रुके बकाया भुगतान की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने सरकार और प्रशासन की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

किसानों का गंभीर आरोप है कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की बिना सहमति के उन पर स्मार्ट मीटर थोप रहा है, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है। वहीं दूसरी ओर, गन्ना किसानों को अपनी फसल का समय पर भुगतान न मिलने के कारण आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने रोष जताते हुए जल्द से जल्द शत-प्रतिशत भुगतान कराने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद किसान सभा के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी (SDM) महोदया के माध्यम से गन्ना मंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाने और गन्ना उत्पादकों का बकाया शीघ्र जारी करने की मांग की गई है। किसान नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

डोईवाला तहसील में चरमराई प्रशासनिक व्यवस्था, बुजुर्ग पेंशनधारियों की बनी मुसीबत

इस व्यापक प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह ताज, किसान सभा के जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह, प्रदेश कमेटी के राजेंद्र पुरोहित, कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, बलबीर सिंह, याकूब अली, जाहिद अंजुम, करतार सिंह नेगी, जसवीर सिंह, बलबीर सिंह उर्फ बिन्दा, जगजीत सिंह, सरजीत सिंह और अनूप कुमार पाल सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Location :  Dehradun

Published :  26 May 2026, 3:42 PM IST