जिंदा थी तो सपने टूटे, मरने के बाद कागजों में उलझी लाश! 18 साल की बेटी का शव लेकर दर-दर भटके परिजन, रात 11 बजे हुआ अंतिम संस्कार

काशीपुर में 18 वर्षीय कांति की हत्या के बाद पुलिस और डॉक्टरों की लापरवाही से शव को 170 किमी तक दौड़ाना पड़ा। महज एक पर्ची के विवाद में पोस्टमार्टम अटका और गमगीन परिवार को देर रात 11 बजे बेटी का अंतिम संस्कार करना पड़ा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 August 2026, 11:02 AM IST

Haldwani: मॉडलिंग का सपना देखने वाली 18 साल की कांति झा की गुरुवार को रामनगर हाईवे किनारे खून से लथपथ लाश मिली। सिर में गोली लगने के अंदेशे के कारण पुलिस ने डॉक्टर के पैनल से पोस्टमार्टम कराने का फैसला किया और शव को हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज भेजा। लेकिन गम में डूबे परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि असली मानसिक प्रताड़ना तो अब शुरू होने वाली थी।

एक पर्ची का विवाद और 170 किलोमीटर का चक्कर

शुक्रवार सुबह जब पोस्टमार्टम होना था, तो मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने सिर्फ इसलिए इंकार कर दिया क्योंकि फाइल में अस्पताल की एक मामूली 'ओपीडी पर्ची' गायब थी। परिजनों ने मिन्नतें कीं कि कागज व्हाट्सएप पर मंगवा लीजिए, लेकिन डॉक्टरों का दिल नहीं पसीजा। नतीजे के तौर पर शव को दोबारा हल्द्वानी से 85 किमी दूर काशीपुर लाया गया, कागजी औपचारिकता पूरी की गई और फिर वापस 85 किमी दूर हल्द्वानी ले जाया गया।

अधिकारियों का आरोप-प्रत्यारोप और बेबस परिजन

इस पूरी कवायद में काशीपुर अस्पताल के सीएमएस ने इसे 'अनजाने में हुई चूक' मानकर पल्ला झाड़ लिया, तो वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने जानबूझकर कागजों में जबरन कमी निकालकर पोस्टमार्टम अटकाया। अफसरों की इस आपसी खींचतान और कागजी जिद में बेटी खो चुके पिता और मां को दिनभर एम्बुलेंस के साथ सड़कों पर धक्के खाने पड़े।

बड़ी खबर: उत्तराखंड के पीपलकोटी में THDC सुरंग धंसी, कई मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

देर रात अंधेरे में दी गई मुखाग्नि

दिनभर की इस भागदौड़ के बाद शाम 6:30 बजे जैसे-तैसे पोस्टमार्टम हो सका। इसके बाद जब शव घर पहुंचा, तो रात हो चुकी थी। ढेला नदी किनारे श्मशान घाट पर रात 11 बजे रोते-बिलखते पिता बच्ची झा ने अपनी मासूम बेटी को मुखाग्नि दी। सिस्टम की इस संवेदनहीनता ने परिजनों के जख्मों पर राहत की जगह और नमक छिड़कने का काम किया।

Location :  Haldwani

Published :  22 August 2026, 11:02 AM IST