हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Udham Singh Nagar: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ किच्छा-सितारगंज हाईवे पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ कार सवार दबंगों ने एक ट्रक चालक पर फिल्मी स्टाइल में पीछा करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले के दौरान ट्रक ड्राइवर तो किसी तरह बच निकला, लेकिन दबंगों की एक गोली हाईवे से गुजर रही एक बेकसूर बाइक सवार महिला के कंधे में जा धंसी। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना मंगलवार रात की है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम पटेरी (हाल निवासी दोपहरिया, पुलभट्टा) के रहने वाले जगजीत सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह अशोक लीलैंड की एक नई चेसिस गाड़ी लेकर मुंबई के लिए निकले थे। जैसे ही जगजीत दोपहरिया गांव से बाहर किच्छा-सितारगंज हाईवे पर पहुंचे, तो वहां पहले से ही एक ब्रेजा कार और बिना नंबर की स्विफ्ट कार के साथ उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के डिबडिबा और भोट इलाके के रहने वाले जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत, हरमन, विक्रमजीत, निरंजन सिंह और सर्वजीत बजवा घात लगाए खड़े थे।
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने नरेश पांडे को नहीं दी अंतरिम राहत, अग्रिम जमानत पर सुनवाई 9 जुलाई तक टली
जगजीत को देखते ही इन बदमाशों ने उसे जान से मारने की नीयत से अपनी कारों से उतरकर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से घबराए जगजीत ने हिम्मत दिखाई और गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन बदमाशों का खून सवार था, उन्होंने अपनी कारों से ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही ट्रक सिरौलीकला चौराहे पर पहुंचा और रफ्तार थोड़ी कम हुई, बदमाशों ने चलती गाड़ियों से दोबारा जगजीत पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
बदमाशों से अपनी जान बचाकर भाग रहा जगजीत जब खालसा ढाबे को पार कर गौला पुल पर पहुंचा, तो बदमाशों द्वारा चलाई गई एक सनसनाती हुई गोली जगजीत के बगल से गुजरती हुई सड़क पर जा रहे एक राहगीर परिवार को लग गई। पीलीभीत के बल्लिया मुडिया निवासी ईशरार अपनी पत्नी साहिस्ता बी और बच्चों के साथ बाइक पर जा रहे थे। बदमाशों की दागी गई गोली साहिस्ता बी के कंधे में जा लगी, जिससे वह लहुलूहान होकर बाइक से गिर पड़ीं। इसके बाद पीड़ित चालक और घायल महिला के पति ने किसी तरह पुलभट्टा थाने पहुंचकर अपनी जान बचाई।
घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ट्रक चालक जगजीत ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के साथ उसकी पुरानी रंजिश चल रही है और इन लोगों ने पहले भी उस पर जानलेवा हमला किया था, जिसकी एफआईआर उत्तर प्रदेश के बिलासपुर थाने में दर्ज है। पुलभट्टा थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रात में ही आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार हो गए। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Udham Singh Nagar
Published : 1 July 2026, 10:19 AM IST