Uttarakhand Government: धामी सरकार को मिला समाज का समर्थन, कही ये बड़ी बात

उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर ऑल इंडिया धनगर समाज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज धनगर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों की प्रशंसा की। उन्होंने UCC लागू करने को क्रांतिकारी कदम बताया।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 6 July 2025, 1:12 PM IST
google-preferred

Haridwar: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूरे होने पर ऑल इंडिया धनगर समाज ने सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए गहरा आभार व्यक्त किया है। समाज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज धनगर ने इस मौके पर सरकार के दूरदर्शी और जनहितैषी फैसलों की जमकर प्रशंसा की।

UCC को बताया साहसिक और क्रांतिकारी कदम

मनोज धनगर ने विशेष रूप से सरकार द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किए जाने को एक ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने यह क्रांतिकारी पहल कर सभी धर्मों के नागरिकों को समान अधिकार देने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। यह कानून महिलाओं को कानूनी रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि यह कदम संविधान में निहित समानता के सिद्धांत को व्यवहारिक रूप देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे धार्मिक आधार पर होने वाले भेदभाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।

धामी के नेतृत्व में पारदर्शी और प्रभावी शासन

प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने बीते चार वर्षों में पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से है।

मनोज धनगर ने यह भी कहा कि सरकार की योजनाएँ समाज के गरीब, मजदूर, किसान, युवा और महिलाओं को ध्यान में रखते हुए बनाई गई हैं, जिससे प्रदेश का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है।

विकास के हर क्षेत्र में प्रगति

धनगर समाज के अध्यक्ष ने बताया कि बीते चार वर्षों में उत्तराखंड सरकार ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए आधारभूत ढांचे को भी काफी बेहतर किया गया है।

उन्होंने आशा जताई कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड विकास की और ऊँचाइयों को छुएगा और सरकार सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए और ठोस प्रयास करेगी।

समर्थन और शुभकामनाएं

इस अवसर पर ऑल इंडिया धनगर समाज के अन्य पदाधिकारी व सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने सरकार की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी और सरकार के प्रति अपना विश्वास और समर्थन दोहराया।

Location : 

Published :