

टिहरी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार की मौत हो गई। पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज पर..
टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों को गमगीन कर दिया। यह हादसा कीर्तिनगर विकासखंड के बढ़ियारगढ़ क्षेत्र में सोमवार देर शाम को हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पिता समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज के मुताबिक, सभी मृतक टिहरी जिले के मालगड्डी गांव के निवासी थे और एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।
हादसे में 4 की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार शाम लगभग 6 बजे का है। वाहन संख्या UK09B0083 में कुल चार लोग सवार थे, जिसमें चालक भी शामिल था। सभी लोग चंडीगढ़ से बडियारगढ़ में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद ये सभी लोग कार से अपने गांव मालगड्डी लौट रहे थे। जब कार ढम्ट नामे तोक नामक स्थान पर पहुंची, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और एक मकान के बाथरूम की छत को पार करते हुए लगभग 40 से 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
मामले की जांच में पुलिस जुटी
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस एवं रेस्क्यू टीम के साथ ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, जब तक सहायता पहुंची, तब तक कार में सवार सभी चार लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान की जा चुकी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी में यह स्पष्ट हुआ है कि वाहन अनियंत्रित होकर फिसल गया, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पिता की मौत से पार्टी में भी शोक
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पिता की मौत से पार्टी में भी शोक व्याप्त है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उजागर करता है। सरकार से स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं , ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।