
हल्द्वानी में मेडिकल लापरवाही पर उठे सवाल
Haldwani: हल्द्वानी में एक श्रमिक की आंख के ऑपरेशन के बाद हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य सेवाओं और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने अस्पताल और इलाज कर रहे डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर के ग्राम जरसा गांजा, पोस्ट चिल्किया निवासी राजपाल पेशे से पत्थर तोड़ने का काम करते थे। 28 मार्च को काम के दौरान उनकी आंख में कंकरी लग गई, जिससे उन्हें गंभीर चोट लग गई। शुरुआत में चोट सामान्य समझी गई, लेकिन कुछ ही दिनों में उनकी हालत बिगड़ने लगी।
हल्द्वानी में घोटाले का खुलासा:10 भरे सिलेंडर छोड़कर भागे कर्मचारी, जांच में खुली गड़बड़ी
परिजन उन्हें हल्द्वानी के एक निजी आई हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तुरंत सर्जरी की सलाह दी। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि अगर समय पर ऑपरेशन नहीं कराया गया तो आंख खराब हो सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने ऑपरेशन के लिए सहमति दे दी। पहली सर्जरी के बाद उन्हें दवाइयां दी गईं और नियमित जांच के लिए बुलाया गया। लेकिन परिजनों के अनुसार, इसके बाद भी उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ।
परिजनों का कहना है कि स्थिति सामान्य न होने पर डॉक्टरों ने दूसरी सर्जरी जरूरी बताई। 15 अप्रैल की शाम करीब साढ़े सात बजे ऑपरेशन शुरू हुआ, जो रात लगभग 9:40 बजे तक चला। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने बताया कि मरीज का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया है और उनकी हालत गंभीर हो गई है।
Nainital News: हल्द्वानी में एमबीए छात्र की संदिग्ध मौत, परिवार में मचा कोहराम
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पूरी प्रक्रिया के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से उनकी जान गई। परिवार का कहना है कि अगर समय पर सही इलाज और सावधानी बरती जाती तो राजपाल की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने यह भी मांग की है कि दोषी डॉक्टर को हिरासत में लिया जाए और मृतक के आठ बच्चों के भविष्य के लिए उचित मुआवजा दिया जाए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Location : Haldwani
Published : 17 April 2026, 12:31 PM IST