
हल्द्वानी के मेडिकल स्टोर संचालक की दर्दनाक मौत
Haldwani News: हल्द्वानी में एक मेडिकल स्टोर संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। कुसुमखेड़ा स्थित रुद्र विहार में रहने वाले 45 वर्षीय प्रकाश चंद्र महतोलिया शुक्रवार को अपने घर में अचेत अवस्था में पड़े मिले थे।
सूचना मिलने पर मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार प्रकाश अकेले रहते थे और बीते आठ अप्रैल को उनकी अपनी पत्नी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी।उनकी पत्नी पिथौरागढ़ में गेस्ट टीचर के रूप में कार्यरत हैं और उनका पुत्र भी वहीं पर रहता है।
पड़ोसियों ने बताया कि घर भीतर से बंद था और कई बार आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो प्रकाश फर्श पर पड़े मिले। मुंह से झाग और कमरे में उल्टी होने के निशान देखकर पुलिस ने आशंका जताई कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ सेवन किया होगा। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि प्रकाश लंबे समय से बैंक के बढ़ते कर्ज के कारण मानसिक दबाव में थे और यही तनाव उनकी मौत की वजह बन सकता है।
उत्तराखंड में न्यायपालिका की बड़ी बैठक, डिजिटल न्याय पर जोर, क्या होगा ऐतिहासिक बदलाव ?
फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया गया है। शनिवार को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके आधार पर मौत के कारणों की निश्चित पुष्टि होगी।
Location : Nainital
Published : 11 April 2026, 2:33 PM IST
Topics : crime news Haldwani suicide Uttrakhand News