हिंदी
प्रशासन एक्शन मोड में (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ramnagar: उत्तराखंड के रामनगर में सब्जी बाजार को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। उपभोक्ताओं को राहत देने और बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मंडी समिति ने औचक निरीक्षण अभियान शुरू किया है।
रामनगर मंडी समिति के सचिव सहील अहमद अपनी टीम के साथ लखनपुर क्षेत्र में पहुंचे और कई सब्जी दुकानों का निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और कई व्यापारी सतर्क हो गए।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई फुटकर व्यापारी बिना मंडी लाइसेंस के ही कारोबार कर रहे थे। सचिव ने ऐसे व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी कि वे जल्द से जल्द लाइसेंस बनवाएं, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान एक और बड़ी खामी सामने आई कि कई दुकानों पर रेट लिस्ट तक नहीं लगी थी। इस पर सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर दुकान पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा, ताकि ग्राहकों को सही जानकारी मिल सके।
रातों-रात ‘सूख गए’ पेट्रोल पंप! रामनगर में मचा हाहाकार, आखिर कहां गया ईंधन?
प्रशासन ने यह भी साफ किया कि व्यापारी मंडी के निर्धारित रेट से अधिकतम 25 से 30 प्रतिशत तक ही मुनाफा रख सकते हैं। 50 से 100 प्रतिशत तक मनमाना मार्जिन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सचिव सहील अहमद ने कहा कि फिलहाल व्यापारियों को चेतावनी देकर छोड़ा गया है, लेकिन आने वाले दिनों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का पालन न करने वालों पर जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई तय है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब नियमित रूप से बाजारों में जांच की जाएगी। लाइसेंस वेरिफिकेशन, रेट लिस्ट की निगरानी और कीमतों की जांच लगातार जारी रहेगी।
रामनगर में शराब की दुकान पर छापा, ओवररेटिंग और एक्सपायर बीयर बरामद
मंडी समिति ने यह भी संकेत दिया है कि हाट-बाजारों में भी औचक छापेमारी की जाएगी। व्यापारियों के गेट पास और अन्य दस्तावेजों की जांच होगी और बिना वैध कागजात के माल लाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Ramnagar
Published : 16 April 2026, 4:03 PM IST