नैनीताल में ईद के बाद पर्यटकों की भारी भीड़ से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। 1200 से अधिक वाहन और 5000 सैलानी पहुंचे, जिससे मालरोड और तल्लीताल में घंटों जाम लगा रहा। पुलिस व्यवस्था दबाव में नजर आई।

नैनीताल में पर्यटक दबाव से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था
Nainital: नैनीताल में ईद के बाद पर्यटकों की अचानक बढ़ी भीड़ ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सोमवार को तल्लीताल डांठ, मालरोड, मस्जिद तिराहा और आसपास के इलाकों में लगातार जाम की स्थिति बनी रही। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और यातायात पूरी तरह धीमा पड़ गया।
रविवार को पुलिस ने शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को बाहर ही रोककर शटल सेवा के जरिए आवाजाही कराई थी, जिससे स्थिति नियंत्रित रही। लेकिन सोमवार को ऐसी कोई विशेष व्यवस्था लागू नहीं की गई, जिसके कारण पर्यटक वाहनों की भीड़ बढ़ती चली गई और जाम की समस्या गंभीर हो गई।
मालरोड पर दोपहर से शाम तक वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। रूसी और नारायण नगर में दोपहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया, जबकि चारपहिया वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी गई। इसके बावजूद ट्रैफिक पूरी तरह दबाव में रहा और कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी रही।
झूला पुल नैनीताल की पहाड़ियों में बसा ब्रिटिशकाल का अनमोल धरोहर, सवा सौ साल बाद भी मजबूती का प्रतीक
तल्लीताल एसओ मनोज नयाल के अनुसार, पर्यटक वाहनों को रोकने से पर्यटन कारोबार पर असर पड़ने की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके चलते चारपहिया वाहनों पर रोक नहीं लगाई गई। हालांकि शटल सेवा उपलब्ध कराई गई, लेकिन भीड़ अधिक होने से व्यवस्था प्रभावित रही।
लेक ब्रिज टोल टैक्स के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को 1200 से अधिक पर्यटक वाहन नैनीताल पहुंचे, जिनके साथ करीब पांच हजार सैलानी शहर में आए। झील किनारे, पंत पार्क, स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, वाटरफॉल, चिड़ियाघर और केव गार्डन जैसे प्रमुख स्थलों पर भारी भीड़ देखी गई।
नैनीताल में गैस संकट या कुछ और? कोयले की मांग अचानक क्यों बढ़ी, होटल व्यवसायियों में मचा हड़कंप
झील में नौकायन करने वालों की संख्या दिनभर बढ़ती रही। पर्यटकों को मौसम ने भी राहत दी, क्योंकि पूरे दिन बादल छाए रहे और हल्की ठंडी हवा चलती रही। सुहावने मौसम ने पर्यटकों की भीड़ को और बढ़ा दिया।