Nainital: महीनों से पेट्रोल चोरी का खेल, CCTV से नजर रख स्थानीय लोगों ने एक आरोपी दबोचा

नैनीताल में महीनों से हो रही पेट्रोल चोरी से परेशान स्थानीय लोगों ने CCTV के जरिए निगरानी शुरू की। बुधवार रात चार संदिग्धों को घेरा गया, जिसमें एक आरोपी पकड़ा गया और तीन फरार हो गए। आरोपी के पास पेट्रोल से भरी बोतलें और जरीकैन मिलने की बात सामने आई है।

Nainital:  नैनीताल में सड़क किनारे खड़े वाहनों से लगातार हो रही पेट्रोल-डीजल चोरी से परेशान स्थानीय लोगों ने आखिरकार खुद निगरानी शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और बुधवार रात लोगों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि, उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मार्च से सामने आ रही थीं पेट्रोल चोरी की घटनाएं

बताया जा रहा है कि नैनीताल के रिहायशी इलाकों में लंबे समय से सड़क पर खड़ी बाइक और स्कूटी से पेट्रोल चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। सीआरएसटी स्कूल के पीछे स्थित मार्ग पर मार्च महीने से ऐसी घटनाएं लगातार सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से सीसीटीवी कैमरे लगवाए।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तड़के दो युवकों को वाहनों से पेट्रोल निकालते हुए देखा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। इसके बावजूद घटनाएं जारी रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।

पेट्रोल के साथ बैटरी और स्टेपनी चोरी की भी शिकायत

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि वाहनों की स्टेपनी, बैटरी और अन्य जरूरी सामान चोरी होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बाद लोगों ने खुद ही संदिग्धों पर नजर रखने का फैसला किया।

चार युवकों को घेरा, तीन फरार

बुधवार रात स्थानीय लोगों ने इलाके में निगरानी शुरू की। इसी दौरान चार संदिग्ध युवक वहां पहुंचे तो लोगों ने उन्हें घेर लिया। मौके से एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

पकड़े गए युवक के साथ मौजूद आर्मी लिखी बाइक UK-04-AL-4318 और एक स्कूटी की तलाशी ली गई। इस दौरान पांच लीटर की कई बोतलों और जरीकैन में पेट्रोल बरामद होने की बात सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मल्लीताल कोतवाली ले गई।

मथुरा के CHC अधीक्षक के तबादले पर हाईकोर्ट की तीखी टिप्पणी! आखिर किस कानून के तहत DM ने लिया आदेश? मचा हड़कंप

अब फरार साथियों की तलाश

पीड़ित अर्जुन ने बताया कि उनकी बाइक से कई बार पेट्रोल चोरी हो चुका था। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से चोरों को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे और कई रात निगरानी के बाद बुधवार को एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।

अब पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथियों और नैनीताल में हुई अन्य पेट्रोल चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Location :  Nainital

Published :  11 September 2026, 4:07 PM IST

Related News

Advertisement