Nainital Festival: मां नंदा सुनंदा के जयकारों से गूंज उठी सरोवर नगरी, 123 वें महोत्सव का हुआ आगाज

नैनीताल की सरोवर नगरी मां नंदा सुनंदा के जयकारों से गूंज उठी। श्रीराम सेवक सभा में विधिवत पूजा अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ 123वें नंदा देवी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। भक्ति गीतों और धार्मिक जुलूस ने पूरे शहर का माहौल भक्तिमय बना दिया।

Nainital: नैनीताल में श्रीराम सेवक सभा की ओर से आयोजित परंपरागत नंदा देवी महोत्सव का आगाज हो गया है। गुरुवार को सभा प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा अर्चना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्य, नगर पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल और वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया।

सभा के बाल कलाकारों ने गणेश वंदना और नंदा सुनंदा की स्तुति प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। यशपाल रावत की ओर से भेंट किए गए इक्कीस पौधों की पूजा अर्चना भी की गई जिन्हें आगे चलकर कंदली वृक्ष लाने वाले स्थल पर रोपा जाएगा। इस दौरान लाल और सफेद ध्वज निशान की पूजा के बाद ढोल नगाड़ों और छोलिया नृत्य की धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने शहर का भ्रमण किया। भक्ति गीतों और नृत्य से पूरा माहौल धार्मिक रंग में रंग गया।

ध्वज निशान के साथ जुलूस के बाद श्रद्धालुओं का दल कंदली वृक्ष लाने के लिए चोपड़ा ज्योलीकोट की ओर रवाना हुआ। शुक्रवार को जब यह वृक्ष नगर में पहुंचेगा तो इसका भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा, एसपी प्रकाश चंद्रा, एसडीएम केएन गोस्वामी समेत अनेक अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे। सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी और पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 28 August 2025, 4:53 PM IST