
भीमताल में तेंदुए का आतंक (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
नैनीताल: जनपद के भीमताल स्थित मोरा गांव में तेंदुए के हमले से घायल महिला ने दम तोड़ दिया। घटना से इलाके में शोक की लहर है। वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मोरा गांव में शनिवार रात तेंदुए ने घर में सो रही पुष्पा देवी (70) पर हमला कर दिया। तेंदुआ बुजुर्ग महिला को घर से उठाकर ले गया। परिजनों के शोर मचाने पर तेंदुआ महिला को घर से सौ मीटर दूर तीन खेत नीचे छोड़कर भाग गया। ग्रामीण घायल बुजुर्ग को हल्द्वानी के एसटीएच लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद वन विभाग जागा है। हादसे के बाद पिंजरे को लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि अगर गांव तक सड़क होती तो घायल महिला को समय से अस्पताल पहुंचाया जा सकता था और उसकी जान बच सकती थी। लेकिन सड़क नहीं होने के चलते बुजुर्ग महिला को समय पर इलाज नहीं मिला जिससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी अस्पताल ले जाने में देरी के चलते गांव में एक नवजात और एक घायल की जान जा चुकी है।
नैनीताल के डीएफओ चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। क्षेत्र में तेंदुए के पंजों के निशान भी पाए गए हैं। दो पिंजरे और आठ ट्रैप कैमरा भी लगा दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। मृतक महिला के परिवार को मुआवजे के रूप में सोमवार को छह लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा ने बताया कि घटना के बाद से वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है जो तेंदुए की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। दावा किया कि जल्द ही हमलावर तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि नेता और मंत्री चुनाव के समय वोट मांगने के लिए बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद गांव की तरफ पीछे मुड़कर नहीं देखते। इसी का खामियाजा आज गांव के लोग भुगत रहे हैं। गांव के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मोरा गांव तक जल्द से जल्द सड़क पहुंचाने की मांग की है।
Location : Bhimtal
Published : 2 June 2025, 11:52 AM IST
Topics : Bhimtal Bhimtal News Leopard attack Nainital villagers woman