
आयुक्त दीपक रावत ने SIR अभियान का किया निरीक्षण (Img: Dynamite News)
Nainital: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने नैनीताल जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने विभिन्न बूथों पर चल रही सुनवाई प्रक्रिया, नोटिसों की तामील और मतदाताओं को रसीद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी आवश्यक कार्य समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि किसी पात्र मतदाता को असुविधा न हो।
Nainital News: हल्द्वानी मार्ग पर पेड़ गिरते ही एक्टिव हुए अफसर, मिनटों में खुलवाया रास्ता
आयुक्त ने स्वयं बूथ पर स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ त्रुटियां सामने आईं, जिनमें अधिकांश मतदाताओं के नाम से संबंधित थीं। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें सुनवाई की निर्धारित तिथि भी दी गई है। संबंधित मतदाता तय तिथि पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी त्रुटियों का निराकरण करा सकते हैं।
संबंधित मतदाता निर्धारित तिथि पर अपने बूथ पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज, जैसे हाईस्कूल (10वीं) का प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र तथा जाति प्रमाणपत्र (यदि आवश्यक हो), प्रस्तुत कर अपने नाम से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करा सकते हैं।
आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2003 के आधार पर जिन मतदाताओं का मैपिंग किया जा रहा है अथवा जिनका नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे भी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
आयुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रांतियों या अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति वास्तविक एवं पात्र मतदाता है, उसका नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा तथा उसे मतदान करने का पूरा अधिकार प्राप्त रहेगा।
Location : Nainital
Published : 7 August 2026, 5:45 PM IST