
Nainital: जनपद में बुधवार को कुमाऊं आयुक्त और मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शहरभर में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन नजदीक है और ऐसे समय में सुस्ती किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को तय समयसीमा में मजबूत और गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के उनके निर्देश बेहद स्पष्ट रहे।
निरीक्षण की शुरुआत माल रोड से हुई, जहां लोक निर्माण विभाग सड़क के कमजोर हिस्सों को दुरुस्त कर रहा है। अधिकारियों ने आयुक्त को बताया कि एंकरिंग और माइक्रोपाइल लगाने का काम जारी है तथा परियोजना को जून के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क की मौजूदा स्थिति देखकर रावत ने काम की गति बढ़ाने और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
दीपक रावत डीएसए परिसर पहुंचे, जहां ग्रामीण निर्माण विभाग पाँच करोड़ रुपये की लागत से फसाड, शौचालय, चेंजिंग रूम और बैडमिंटन कोर्ट के नवीनीकरण कार्य कर रहा है। यहां उन्होंने निर्माण प्रगति पर सवाल उठाते हुए कहा कि शौचालय और चेंजिंग रूम किसी भी कीमत पर 15 जून से पहले तैयार होने चाहिए।
खड़ी बाजार और बड़ा बाजार में हो रहे सौंदर्यीकरण और अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की समीक्षा करते समय उन्होंने पाया कि प्रगति अपेक्षा से काफी धीमी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले भूमिगत कार्य पूरे कर लिए जाएं और दो दिनों के भीतर आईपी सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएं। उन्होंने यह भी साफ कहा कि अब इस काम की दैनिक निगरानी वे स्वयं करेंगे।
उत्तराखंड में बड़ा फैसला: अब दोपहर 1 बजे तक ही चलेंगे स्कूल
बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय परिसर में मंडी परिषद द्वारा बनाए जा रहे टाइप–2 आवास और चहारदीवारी के निर्माण स्थल पर पहुंचने पर रावत ने काम बंद देखकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मंडी परिषद को तुरंत अगले दिन से कार्य शुरू कराने के आदेश दिए।
चार्टन लॉजआभागढ़ क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान फैली गंदगी देखकर रावत का तेवर और सख्त हो गया। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में तुरंत सीसीटीवी लगाए जाएं, चार सफाई कर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए और गंदगी फैलाने वालों पर चालान की कार्रवाई शुरू की जाए।उन्होंने स्थानीय निवासियों से भी साफ सफाई बनाए रखने की अपील की।
आयुक्त ने कहा कि नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन नगर में विकास कार्यों में देरी या सफाई व्यवस्था में ढिलाई शहर की छवि को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर परियोजना समयसीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए, क्योंकि वे जल्द ही फिर से निरीक्षण करने आएंगे।
उत्तराखंड में क्या हुआ रातोरात? 24 परिवारों ने अचानक छोड़ा आशियाना
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना, नगर पालिका ईओ रोहिदास शर्मा, डीएसए महासचिव मनोज जोशी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Nainital
Published : 6 May 2026, 9:01 PM IST
Topics : Deepak Rawat Kumaon Commissioner Nainital