Uttarakhand News: केदारनाथ यात्रा फिर हुई शुरू, मौसम सुधरते ही प्रशासन ने हटाई अस्थायी रोक, जानें अब कैसा है मौसम

रुद्रप्रयाग में भारी बारिश और खराब मौसम के चलते अस्थायी रूप से रोकी गई केदारनाथ यात्रा फिर शुरू कर दी गई है। मौसम में सुधार के बाद प्रशासन ने यात्रा बहाल कर दी। उत्तराखंड के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 31 May 2026, 3:49 PM IST

Rudraprayag: उत्तराखंड में खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका के बीच केदारनाथ धाम यात्रा पर लगाई गई अस्थायी रोक हटा दी गई है। मौसम में सुधार और स्थिति सामान्य होने के बाद जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए यात्रा दोबारा शुरू कर दी है। इससे हजारों यात्रियों ने राहत की सांस ली है और बाबा केदार के दर्शन के लिए यात्रा मार्ग एक बार फिर श्रद्धालुओं से गुलजार हो उठा है।

ऑरेंज अलर्ट के चलते रोकी गई थी यात्रा

मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले समेत कई पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और प्रतिकूल मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। संभावित आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन ने रविवार सुबह एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया था। इस दौरान गौरीकुंड, सोनप्रयाग और अन्य पड़ावों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया।

मौसम साफ होते ही लिया गया फैसला

लगातार बारिश के बाद मौसम में सुधार आने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पैदल यात्रा मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सभी स्थानों पर स्थिति सुरक्षित पाए जाने के बाद यात्रा को फिर से संचालित करने की अनुमति दे दी गई। प्रशासन ने चरणबद्ध तरीके से रोके गए यात्रियों को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम यात्रा अब सामान्य रूप से संचालित की जा रही है। यात्रा मार्ग पर पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य विभागों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और मौसम के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

केदारनाथ में VIP दर्शन के बदले नियम: अब इतने रुपये की पर्ची, मंदिर समिति ने जारी की नई SOP

श्रद्धालुओं से की गई विशेष अपील

प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए समय-समय पर निर्णय लिए जाएंगे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों और हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान जताया गया है। कई पर्वतीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

केदारनाथ यात्रा में आस्था का सैलाब!… सोनप्रयाग में भारी भीड़ से जाम, श्रद्धालु घोड़ा-खच्चर और पैदल रास्तों में फंसे लोग

इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना के चलते येलो अलर्ट लागू किया गया है।

केदारनाथ यात्रा के दोबारा शुरू होने से श्रद्धालुओं में उत्साह लौट आया है और बाबा केदार के जयकारों के साथ यात्रा मार्ग पर फिर से रौनक दिखाई देने लगी है।

Location :  Rudraprayag

Published :  31 May 2026, 3:49 PM IST