हल्द्वानी में युवती का पीछा कर जबरन शादी का दबाव…युवक विरोध पर बेकाबू, पथर से किया हमला

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में एक युवती पर तब हमला कर दिया गया जब उसने लगातार पीछा करने और जबरन शादी के दबाव का विरोध किया। आरोपी युवक ने पत्थर से सिर पर वार कर युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Updated : 8 February 2026, 8:24 PM IST

हल्द्वानी: बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर मोहल्ले में एक युवती के साथ लगातार पीछा करने, राह चलते परेशान करने और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी युवक ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे युवती बुरी तरह घायल हो गई और उसके सिर पर गहरी चोट आई है।

क्या है पूरी खबर?

घटना की जानकारी पीड़िता की दादी नसीमा, पत्नी अनीस अहमद, निवासी जवाहर नगर ने पुलिस को दी है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पौती अदीबा (पुत्री फरहान) जब भी बाहर निकलती थी, तो अन्ना पुत्र जाहिद, निवासी गौला गेट जवाहर नगर, उसका लगातार पीछा करता था और रास्तों में उसे परेशान करता था। परिजनों का आरोप है कि युवक युवती को जबरन उठाकर शादी करने की धमकी देता था और मना करने पर जान से मारने की बात भी कहता था।

सिर पर जोरदार हमला

सात फरवरी को यह घटना उस समय हुई, जब अदीबा घर से सामान लेने बाहर निकली थी। रास्ते में आरोपी युवक ने उसे रोक लिया और खींचकर गौला की तरफ ले जाने की कोशिश की। युवती के विरोध करने पर उसने पास पड़ा पत्थर उठाकर उसके सिर पर जोरदार हमला कर दिया और गाली-गलौच करते हुए मौके से भाग गया।

 जल्द पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी

घायल युवती को तुरंत सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में गंभीर चोट होने की पुष्टि की है। डॉक्टरों की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद निगरानी में रखा।इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता की दादी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।बनभूलपुरा थाना प्रभारी डीएस फर्त्याल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी गई है। पुलिस टीम आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

 

Location : 
  • नैनीताल

Published : 
  • 8 February 2026, 8:24 PM IST