हिंदी
वॉल्वो बस में भीषण आग (Img- Internet)
Haridwar: हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब देहरादून से जयपुर जा रही महालक्ष्मी फिलिप्स वॉल्वो बस में अचानक आग लग गई। यह घटना हाईवे स्थित क्रिस्टल वर्ल्ड के पास हुई। बताया जा रहा है कि बस में तकनीकी खराबी आने के बाद आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
बस में उस समय 32 यात्री सवार थे। आग लगने की जानकारी मिलते ही चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यात्रियों की जान बच जाने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन बस में रखा उनका सामान बाहर नहीं निकाला जा सका और आग में जलकर राख हो गया।
चलती बस में आग लगने की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए और मदद के लिए आगे आए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलने लगी।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक बस बुरी तरह जल चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री या स्टाफ के घायल होने की सूचना नहीं है।
हरिद्वार पुलिस पर उठे सवाल: बाहरी एजेंसियां करती रहीं कार्रवाई, स्थानीय पुलिस को नहीं लगी भनक
जानकारी के अनुसार बस चालक अरुण कुमार राजस्थान के उदयपुर के रहने वाले हैं, जबकि परिचालक रिंकू धौलपुर जिले के कंचनपुर क्षेत्र का निवासी है। दोनों की सतर्कता के कारण सभी यात्रियों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।
Location : Haridwar
Published : 3 June 2026, 10:37 AM IST