हिंदी
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार दोस्तों को कुचला (Img- Pinterest)
Haldwani: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार रात करीब दस बजे गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने वहां खड़े चार दोस्तों को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवकों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान 17 वर्षीय राहुल राजपूत, 25 वर्षीय शिवम, 20 वर्षीय अंशु आर्य और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद चारों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के बाद जब चारों युवकों के शवों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, तो वहां का माहौल बेहद गमगीन और भावुक हो गया। 17 साल के राहुल राजपूत की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां, भाई और दोनों बहनें बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। राहुल की बहन कभी डॉक्टरों के आगे हाथ जोड़ती तो कभी पुलिसकर्मियों के पैर पकड़कर रोते हुए कहती, 'साहब... मेरे भाई को जिंदा कर दो।'
उसकी इन चीखों को सुनकर अस्पताल में मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। जब पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने लगी, तो मां और बहनों ने शव से लिपटकर उसे जाने नहीं दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद शव को मोर्चरी भेजा जा सका।
Nainital: भारत माता की जय’ से गूंजा हल्द्वानी, जब तिरंगे में लिपटकर घर लौटा उत्तराखंड का वीर सपूत
हादसे का शिकार हुआ 25 वर्षीय शिवम पेशे से पेंटर था। अपने जवान बेटे का शव देखकर उसके माता-पिता पूरी तरह बेसुध हो गए। शिवम का बड़ा भाई आकाश इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाया और अपने भाई के शव को गोद में उठाकर सीधे अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड की तरफ भाग खड़ा हुआ।
डॉक्टरों ने जब उसे बताया कि शिवम अब इस दुनिया में नहीं है, तो वह जबरन एक बार फिर से जांच करने की जिद करने लगा। आकाश की बिगड़ती मानसिक स्थिति और बेहद भावुक माहौल को देखते हुए डॉक्टरों ने कुछ पलों के लिए शव को आईसीयू के अंदर ले जाने की अनुमति दी, जिसके बाद उसे बाहर लाया गया। वहीं, तीसरे मृतक अंशु आर्य के परिजन देर रात तक अस्पताल नहीं पहुंच सके थे।
इस भीषण दुर्घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और दावे किए जा रहे हैं। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चारों दोस्त फ्लाईओवर के ऊपर खड़े थे, तभी अचानक आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दूसरी तरफ, कुछ लोगों का दावा है कि युवक स्कूटी से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
हल्द्वानी में मोबाइल बना जान का दुश्मन, छात्र ने उठाया यह खौफनाक कदम
हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर और उसके आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज की जांच के बाद ही साफ होगा कि स्कॉर्पियो और स्कूटी की रफ्तार और दिशा क्या थी, जिसके बाद ही हादसे की वास्तविक तस्वीर सामने आ पाएगी।
Location : Haldwani
Published : 12 July 2026, 9:12 AM IST