कॉर्बेट पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ, सीएम धामी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत करते हुए 1000 पौधे लगाए और प्रकृति संरक्षण एवं पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की। यहां पढ़ें पूरी खबर

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 7 July 2025, 12:36 PM IST

Ramnagar: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कॉर्बेट नेशनल पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत करते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी का रोमांचकारी अनुभव लेते हुए पार्क की जैव विविधता, वन्य जीवन और प्राकृतिक सौंदर्य को नजदीक से देखा और सराहा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह यात्रा केवल प्रकृति की सैर नहीं, बल्कि वन्य जीवन और पारिस्थितिकी के प्रति संवेदनशीलता को जागृत करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि सरकार के निरंतर प्रयासों से राज्य में जंगल सफारी पर्यटन को नया आयाम मिला है, जिससे पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

सीएम ने लगाए 1000 से अधिक पौधे
अभियान की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय समुदाय, वन विभाग के कर्मचारियों और पर्यावरण प्रेमियों के साथ मिलकर 1000 से अधिक पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व और प्रकृति के प्रति सम्मान व आभार व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।

सीएम ने लोगों से की ये अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। उन्होंने कॉर्बेट पार्क के अधिकारियों और वन विभाग की टीम से मुलाकात कर उनके संरक्षण कार्यों की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया। सरकार का लक्ष्य पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित रखते हुए पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना है, जिससे विकास और प्रकृति का संतुलन बना रहे।

क्या है "एक पेड़ मां के नाम" अभियान ?
"एक पेड़ मां के नाम" अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस, 5 जून 2024 को की थी। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

अभियान के मुख्य बिंदु
पेड़ लगाना: लोगों से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने का आग्रह किया जाता है।
पर्यावरण संरक्षण: अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और स्थायी जीवन शैली को बढ़ावा देना है।
सामूहिक प्रयास: अभियान के तहत देशभर में बड़े पैमाने पर पेड़ लगाए जा रहे हैं।
रक्षा मंत्रालय की भागीदारी: रक्षा मंत्रालय भी इस अभियान में शामिल है और 15 अगस्त 2024 को 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पूरे देश में 15 लाख वृक्षारोपण अभियान चलाएगा।

Location :  Ramnagar

Published :  7 July 2025, 12:36 PM IST