हिंदी
देहरादून में बेकाबू हुए छात्र (Img- X)
Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में छात्रों के बीच अराजकता और दबंगई का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। गुजराडा इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच सरेराह खूनी संघर्ष हो गया। इस मारपीट में छात्रों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए खुलेआम तलवारें, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के छात्रों ने फोन करके अपने अन्य साथियों और बाहरी युवकों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद कॉलेज के बाहर मुख्य सड़क पर ही दोनों गुट आमने-सामने आ गए और उनके बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।
दिल्ली से बुलाते थे लड़कियां: देहरादून में देह व्यापार रैकेट का खुलासा, 6 आरोपी सलाखों के पीछे
झड़प के दौरान जिस तरह से युवकों ने सरेआम धारदार हथियार और ईंट-पत्थर निकाले, उससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आसपास के दुकानदार और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ मिनटों तक सड़क पूरी तरह से कुरुक्षेत्र बनी रही और दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त हो गया।
देहरादून में कॉलेज के बाहर तलवारबाजी
देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित गुजराड़ा इंटर कॉलेज के बाहर दो पक्षों के बीच देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और सड़क पर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और मारपीट के दौरान तलवार तक निकल आई थी। https://t.co/oTKpBqLBk8
— Bhupi Panwar (@askbhupi) October 7, 2026
मंगलवार को हुई इस खौफनाक घटना का किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में वीडियो बना लिया था, जो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ होकर युवा हाथ में तलवारें लहरा रहे हैं और एक-दूसरे पर पत्थरों से हमला कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूली छात्रों में बढ़ती इस आपराधिक प्रवृत्ति पर गहरा आक्रोश जताया है।
कॉलेज के ठीक बाहर इस तरह से सरेआम हथियार लहराने और हिंसा करने की घटना ने शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव मचाने वाले छात्रों और बाहरी युवकों की शिनाख्त की जा रही है, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Location : Dehradun
Published : 7 October 2026, 4:29 PM IST