
जनपद में अवैध निर्माण पर प्रशासन का शिकंजा
Dehradun: जनपद में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग करने वालों की अब खैर नहीं है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण पर बड़ा एक्शन लिया है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में MDDA की इस कार्रवाई के बाद भूमाफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की टीम गुरुवार सुबह से ही एक्शन मोड में नजर आई। जैसे ही एमडीडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, अवैध प्लाटिंग करने वालों के पसीने छूट गए। कार्रवाई का पहला पड़ाव बना रामपुर क्षेत्र। यहां बिना किसी नक्शे और बिना प्राधिकरण की अनुमति के धड़ल्ले से अवैध प्लाटिंग का खेल चल रहा था।
एमडीडीए की टीम ने बिना देर किए यहां अवैध रूप से खड़ी की गई संरचनाओं को धराशायी करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते भूमाफियाओं का बिछाया गया जाल मलबे में तब्दील हो गया। लेकिन कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। रामपुर के बाद एमडीडीए का दस्ता अपनी मशीनों के साथ ढकरानी क्षेत्र पहुंचा।
देहरादून में सिस्टम का शर्मनाक चेहरा, जमीन हड़पने का सनसनीखेज खेल आया सामने, पढ़ें पूरी खबर
बता दें कि ढकरानी से पिछले काफी समय से अवैध प्लाटिंग की शिकायतें प्राधिकरण को मिल रही थीं। सूत्रों की मानें तो प्राधिकरण ने इस अवैध प्लाटिंग को लेकर पहले भी कई बार लीगल नोटिस जारी किए थे। लेकिन भूमाफियाओं ने नोटिस के बाद भी काम नही रोका।
ढकरानी में लगभग 10 से 12 बीघा जमीन पर अवैध रूप से की गई तारबाड़ और पक्की फाउंडेशन को मशीन ने मिट्टी में मिला दिया। प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई ने उन लोगों को कड़ा संदेश दिया है जो प्रशासन को ठेंगे पर रखकर अवैध कॉलोनी काटने का सपना देख रहे थे।
एमडीडीए की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में और भी तेज होने वाली है। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि जहां भी बिना नक्शा पास कराए प्लाटिंग की जा रही है, वहां कार्रवाई तय है। फिलहाल, आज की इस कार्रवाई से देहरादून के भूमाफियाओं में दहशत का माहौल है।
IND vs NAM: भारत बंद के बीच दिल्ली मेट्रो की बड़ी तैयारी, फैंस के लिए DMRC का खास इंतज़ाम
अगर आप भी देहरादून या आसपास के क्षेत्रों में जमीन खरीदने की सोच रहे हैं, तो सावधान रहें। बिना एमडीडीए की अनुमति और वैध कागजों के प्लाटिंग का हिस्सा न बनें, वरना आपकी मेहनत की कमाई पर भी प्रशासन का बुलडोजर चल सकता है।
Location : Vikasnagar
Published : 12 February 2026, 4:54 PM IST