चमोली हादसा अपडेट: पीपलकोटी टनल से अब तक 8 शव बरामद, 2 लापता मजदूरों की तलाश में NDRF-SDRF का बड़ा रेस्क्यू

चमोली के पीपलकोटी-विष्णुगाड प्रोजेक्ट की टनल में भारी मलबे और पानी के बीच लापता 2 मजदूरों की तलाश जारी है। अब तक 8 शव बरामद हो चुके हैं। हादसे के बाद THDC दफ्तर पर आक्रोशित UKD कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, परिजनों के लिए उचित मुआवजे की उठाई मांग।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 17 August 2026, 3:59 PM IST

Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दुखद और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना (THDC) की टेल रेस टनल में हुए खौफनाक हादसे को कई घंटे बीत जाने के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। टनल के भीतर भरे टनों पानी, कीचड़ और भारी मशीनों के बीच बचाव दल अभी भी दो लापता मजदूरों की सांसों की तलाश कर रहे हैं।

8 जिंदगियां खामोश, 12 को सुरक्षित बचाया

बृहस्पतिवार को हुए इस अचानक हादसे के बाद से ही राहत और बचाव कार्य बिना रुके जारी है। बचाव टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद पहले 7 शव बाहर निकाले थे, जबकि शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान एक और मजदूर का शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी देवनाथ के रूप में हुई है। इस हादसे में अब तक कुल 8 मजदूरों की जान जा चुकी है, जबकि 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली है। फिलहाल 2 अन्य मजदूर टनल के गहरे हिस्से में फंसे हुए हैं।

चमोली टनल हादसे में बढ़ा मौत का आंकड़ा, करीब 9 लोगों की मौत, अब तक इतने लोग बचाए गए

पानी और कीचड़ बना रेस्क्यू में बड़ा रोड़ा

टनल के अंदर का नजारा किसी बुरे सपने जैसा है। एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), आईटीबीपी (ITBP), पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें मौके पर डटी हुई हैं। टनल के भीतर भारी मात्रा में पानी और मलबा भरा हुआ है।

पानी को खाली करने के लिए शक्तिशाली पंप लगाए गए हैं। टनल के अंदर बिखरी निर्माण सामग्री और मशीनों के कारण रेस्क्यू टीम को मलबे तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बड़ी खबर: उत्तराखंड में बादल फटने से बड़ी तबाही, चमोली में कई गड़ियां बही, BRO पुल ध्वस्त, पढ़ें पूरा अपडेट

THDC के खिलाफ फूटा गुस्सा, UKD का जोरदार प्रदर्शन

हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है। उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के कार्यकर्ताओं ने टीएचडीसी के पीपलकोटी स्थित कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यूकेडी का सीधा आरोप है कि यह भयानक हादसा कंपनी की घोर लापरवाही का नतीजा है।

प्रदर्शनकारियों की सुरक्षाकर्मियों के साथ तीखी बहस भी हुई। यूकेडी की मांग है कि कंपनी के आला अधिकारी खुद सामने आएं और मृतक व प्रभावित मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा देने का ठोस आश्वासन दें।

Location :  Chamoli

Published :  17 August 2026, 3:59 PM IST