
लापता पंचायत सदस्य आये सामने
Nainital: नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मचा सियासी हंगामा अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। गुरुवार को हुए बवाल के बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भाजपा नेताओं और दबंगों ने उसके समर्थन वाले पांच जिला पंचायत सदस्यों को हथियार के बल पर अगवा कर लिया है। इस आरोप के चलते माहौल गरमा गया और दो दिन तक राजनीतिक हलचल जारी रही। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष समेत कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
शुक्रवार देर शाम उन पांचों सदस्यों का एक वीडियो सामने आया जिन्होंने खुद को सुरक्षित बताया। उन्होंने कहा कि उनका कोई अपहरण नहीं हुआ है और उन्हें अपने कथित अपहरण की खबर मीडिया और सोशल मीडिया से मिली। उनका कहना है कि वे अपनी मर्जी से घूमने निकले हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सबके सामने आ जाएंगे और किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
यह विवाद 14 अगस्त को चुनाव के दौरान शुरू हुआ था जब मतदान के बीच जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने एक-दूसरे पर जिला पंचायत सदस्यों को गायब कराने का आरोप लगाया। कांग्रेस इस मामले को लेकर नैनीताल हाईकोर्ट पहुंची और कोर्ट ने चुनाव पर रोक लगाते हुए सोमवार को सुनवाई तय की। उधर जिलाधिकारी का कहना है कि मतदान और मतगणना पूरी हो चुकी है लेकिन नतीजे कोर्ट के आदेश के बाद ही घोषित किए जाएंगे।
Location : Nanital
Published : 16 August 2025, 1:27 AM IST
Topics : Congress BJP Dispute Haldwani Missing Members Nainital Nainital News Panchayat Eletion uttarakhand Uttarakhand Politics Zila Panchayat Chunav