नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में जंगल गई 60 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है। यह हाल के दिनों में चौथी ऐसी घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

भीमताल के जंगल में महिला की मौत
Nainital: भीमताल क्षेत्र के शांत और सुरम्य पहाड़ों में एक बार फिर ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। रोजमर्रा की तरह जंगल गई एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हाल के दिनों में इसी क्षेत्र के आसपास तीन जानलेवा हमलों के बाद यह चौथा मामला सामने आने से ग्रामीणों का डर और गहरा हो गया है।
यह घटना भीमताल इलाके के जून स्टेट जंगल की है, जहां मंगलवार सुबह करीब 60 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान गंगा देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत किसी जंगली जानवर के हमले में हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गंगा देवी रोज की तरह सुबह पशुओं के लिए घास लेने जंगल गई थीं। शाम तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिजन चिंतित हो गए और आसपास उनकी तलाश शुरू की। रात होने के बावजूद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने जंगल में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
दूर से दिखता साधारण टापू, पास पहुंचते ही सामने आता भीमताल का अनदेखा एक्वेरियम; जानें खासियत
अगली सुबह फिर से सर्च अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गंगा देवी का शव उनके घर से करीब चार किलोमीटर दूर घने जंगल के भीतर मिला। शव की हालत देखकर जंगली जानवर के हमले की आशंका और मजबूत हो गई। इसके बाद पुलिस और वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में जल्द ही कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे, ताकि हमलावर जानवर की पहचान की जा सके। इसके साथ ही क्षेत्र में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की भी योजना बनाई जा रही है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी।
वन विभाग की ओर से यह भी कहा गया है कि मृतका के परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग और प्रशासन मिलकर स्थायी समाधान निकाले।
Nainital: भीमताल झील पर इतिहास रचती गीता बिष्ट, पहली महिला नाविक बनीं
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी जानें जा सकती हैं। लोगों ने जंगल जाने को मजबूर ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि किसी और परिवार को इस तरह की त्रासदी न झेलनी पड़े।