नयना देवी मंदिर की प्रतिष्ठा धूमिल करने का आरोप, ट्रस्ट ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की

नैनीताल के नयना देवी मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक वीडियो और टिप्पणियों पर ट्रस्ट ने आपत्ति जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मंदिर की प्रतिष्ठा धूमिल करने के आरोपों के बीच ट्रस्ट ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

नैनीताल: शहर के प्रसिद्ध नयना देवी मंदिर को बदनाम करने की नीयत से सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे एक व्यवस्थित अभियान का मामला सामने आया है। इस संबंध में नयना देवी मंदिर अमर उदय ट्रस्ट की ओर से मल्लीताल कोतवाली में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

माहौल खराब करने का प्रयास

ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव लोचन साह ने बताया कि कुछ समय पहले एक मुस्लिम दंपत्ति गलती से जूते पहनकर मंदिर प्रवेश द्वार के भीतर चला गया था, जिसकी जानकारी मिलते ही मामला शांत कर दिया गया। लेकिन इस घटना को आधार बनाकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री प्रसारित की और माहौल खराब करने का प्रयास किया। ट्रस्ट का कहना है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन दो सप्ताह बीतने पर भी न तो की गई कार्रवाई का विवरण मिला और न ही यह स्पष्ट हुआ कि एफआईआर दर्ज हुई या पूछताछ हुई।

 श्रद्धालुओं की आस्था पर सीधी चोट 

साह ने बताया कि ट्रस्ट ने अब एक और वीडियो का संज्ञान लिया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक महिला यह दावा करती दिख रही है कि नयना देवी मंदिर का प्रसाद घर ले जाना उचित नहीं है। ट्रस्ट ने इसे मंदिर परंपराओं के अपमान और श्रद्धालुओं की आस्था पर सीधी चोट बताया है। हर वर्ष देश-विदेश से भारी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचते हैं और प्रसाद अपने घर ले जाते हैं, इसलिए इस तरह के बयान को गंभीरता से लिया गया है।

धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़

ट्रस्ट ने दोनों मामलों से संबंधित वीडियो सामग्री को एक पेन ड्राइव में संकलित कर पुलिस को सौंप दिया है और दोषियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न जुटा सके। साथ ही ट्रस्ट ने पुलिस से लिखित रूप में इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया है।

शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि तथ्य स्पष्ट होने पर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी और पूरी जानकारी ट्रस्ट को उपलब्ध कराई जाएगी।

Location : 
  • नैनीताल

Published : 
  • 13 February 2026, 5:57 PM IST

Advertisement
Advertisement