नैनीताल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, 10 हजार से अधिक पर्यटकों से गुलजार हुई सरोवर नगरी

वीकेंड पर नैनीताल में 10 हजार से अधिक पर्यटकों की आमद से सरोवर नगरी गुलजार हो उठी। नैनी झील सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर भीड़ रही। होटल पैक रहे और बढ़ती आवाजाही के चलते शहर में कई स्थानों पर यातायात का दबाव भी देखने को मिला।

Nainital: वीकेंड की शुरुआत के साथ ही सरोवर नगरी नैनीताल पर्यटकों से गुलजार हो उठी। शुक्रवार को 10 हजार से अधिक सैलानियों के पहुंचने से शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक बनी रही। पर्यटकों की भारी आमद से होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे, वहीं शहर की अधिकांश होटलें भी लगभग पैक रहीं।

सुबह से मौसम सुहावना रहने के कारण पर्यटकों ने नैनी झील में नौकायन का आनंद लिया और शहर के विभिन्न दर्शनीय स्थलों का रुख किया। हिमालय दर्शन, स्नो व्यू, टिफिन टॉप और केव गार्डन समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली। चिड़ियाघर में भी बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे, जिससे पर्यटन गतिविधियों में खासा उत्साह नजर आया।

यातायात का दबाव भी बढ़ा

पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते शहर में यातायात का दबाव भी बढ़ गया। नगर में डेढ़ हजार से अधिक वाहनों की एंट्री दर्ज की गई, जिसके चलते कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन को विशेष व्यवस्थाएं करनी पड़ीं। बाहरी क्षेत्रों में वाहनों को रोककर शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को शहर में भेजा गया, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया गया।

पार्किंग स्थल पूरी तरह भरे

दोपहर बाद शहर के प्रमुख पार्किंग स्थल पूरी तरह भर गए। कई पर्यटक अपने वाहनों को पार्क करने के लिए जगह तलाशते नजर आए। वहीं देर शाम तक बस अड्डे और प्रमुख बाजारों में भी सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ बनी रही।

पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम और सप्ताहांत की छुट्टियों का सीधा लाभ नैनीताल को मिल रहा है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापार को मजबूती मिली है और आने वाले दिनों में भी इसी तरह की भीड़ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा शहर में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Location :  Nainital

Published :  5 June 2026, 5:57 PM IST

Advertisement