
लाइसेंसी असलहा लेकर पुलिस चौकी पहुंची युवती
Maharajganj:: जमीन के बंटवारे और हिस्से को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सोमवार को उस समय अचानक सुर्खियों में आ गया, जब एक युवती हाथ में लाइसेंसी बंदूक लेकर सीधे पुलिस चौकी पहुंच गई। युवती के हाथ में बंदूक देखकर चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए।
पुलिसकर्मियों ने उससे बंदूक लेने का प्रयास किया, लेकिन युवती ने बंदूक देने से इनकार कर दिया। वह रोते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाती रही।
मामला श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धरमौली गांव का है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे युवती लाइसेंसी बंदूक लेकर परतावल चौकी पहुंची। चौकी पर पहुंचने के बाद उसने पुलिस के सामने परिवार के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए और मामले की जांच कराने की मांग की। युवती बार-बार यह भी कहती रही कि उसके साथ कितनी मारपीट हुई है, इसकी जांच कराई जाए।
युवती को हाथ में लाइसेंसी बंदूक लेकर चौकी पहुंचा देख पुलिसकर्मी तत्काल सक्रिय हो गए। उससे बंदूक लेने की कोशिश की गई, लेकिन युवती ने असलहा देने से इनकार कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान मामले की सूचना डायल-112 को भी दी गई। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मियों ने युवती को समझा-बुझाकर शांत कराया।
इसके बाद युवती को चौकी पर बैठाया गया और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को भी बुलाया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, पूरा विवाद जमीन के बंटवारे और हिस्से को लेकर है। बताया जा रहा है कि युवती परिवार की कुछ जमीन में अपना हिस्सा चाहती है। इसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान मारपीट किए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। इसके बाद युवती ने हाथ में लाइसेंसी बंदूक उठाई और पुलिस चौकी पहुंचकर न्याय की गुहार लगाने लगी।
ग्रामीणों के मुताबिक परिवार में मौजूद लाइसेंसी बंदूक पहले युवती के दादा अथवा परिवार के किसी बुजुर्ग के नाम थी। बाद में यह बंदूक रामानंद यादव के नाम दर्ज हुई। बताया जा रहा है कि रामानंद यादव इसी लाइसेंसी बंदूक के साथ विभिन्न सरकारी बैंकों में सुरक्षा गार्ड के रूप में भी काम करते रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस की जांच में जमीन के विवाद, मारपीट के आरोप और युवती के लाइसेंसी बंदूक लेकर चौकी पहुंचने के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
परतावल चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि मामला पारिवारिक और जमीन से जुड़े विवाद का है। मामले की जांच की जा रही है।
Location : Maharajgan
Published : 7 September 2026, 5:51 PM IST
Topics : crime news land dispute Maharajganj Police Case UP News