
यूपी में 136 तहसीलदारों के तबादले (IMG: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में तहसीलदारों के तबादलों की बड़ी सूची जारी हुई है। राजस्व परिषद ने 16 नवंबर 2026 को 27 अलग-अलग आदेश निकालकर कुल 136 तहसीलदारों को नए जिलों और स्थानों पर भेज दिया है। सभी को निर्देश है कि वे आज ही अपनी नई जगह पर जाकर कार्यभार ग्रहण करें। आदेशों पर राजस्व परिषद की ओर से आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा के डिजिटल हस्ताक्षर हैं।
ज्यादातर आदेशों में साफ लिखा है कि ये तबादले भारत निर्वाचन आयोग के 27 अक्टूबर 2026 के परिपत्र में दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में किए गए हैं। आयोग की गाइडलाइन के तहत चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया जाता है, ताकि कोई भी अफसर लंबे समय तक एक ही जगह पर न जमा रहे। राजस्व परिषद ने इसी का पालन करते हुए तहसीलदारों की अदला-बदली कर दी।
इसके साथ ही प्रदेश के आठ जिलों में तैनात दस नायब तहसीलदारों का तबादला किया गया है। आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ी संख्या में तबादले देखने को मिल सकते हैं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आयोग द्वारा पहले ही यह दिशा-निर्देश जारी किया गया है कि तीन साल से अधिक समय तक एक ही जगह पर तैनात अफसरों का तबादला किया जाएगा। इसके अलावा अपने गृह जनपद में तैनात अधिकारियों के ट्रांसफर के आदेश भी दिये गये हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा हलचल दिखी है। सहारनपुर के जसमेंद्र सिंह को रामपुर भेजा गया है, जबकि पुष्पांकर देव को फिरोजाबाद की जिम्मेदारी मिली है। मुजफ्फरनगर के राधेश्याम गोंड अब गौतमबुद्धनगर में तैनात होंगे और महेंद्र यादव शामली जाएंगे। शामली के अर्जुन चौहान को अमरोहा भेजा गया है।
मेरठ की ज्योति और गाजियाबाद के अरुण कुमार अग्रवाल, दोनों को मुजफ्फरनगर का जिम्मा मिला है। हापुड़ की स्वाति गुप्ता एटा जाएंगी और बुलंदशहर के अजय कुमार मेरठ। बुलंदशहर के ही मनोज कुमार रावत गौतमबुद्धनगर भेजे गए हैं। इसके अलावा गौतमबुद्धनगर के प्रतीत कुमार सिंह चौहान बुलंदशहर, बागपत की वर्तिका श्रीवास्तव हापुड़, आगरा के देवेंद्र प्रताप मैनपुरी, और मैनपुरी के गौरव कुमार बागपत व कमलेश कुमार आगरा भेजे गए हैं।
रुहेलखंड में अलीगढ़ के राम गोपाल सिंह बिजनौर जाएंगे और अवनीश कुमार तृतीय बुलंदशहर। कासगंज के संदीप चौधरी को बरेली भेजा गया है। बरेली के दुष्यंत प्रताप सिंह अलीगढ़, आशीष कुमार सिंह द्वितीय हाथरस और भानु प्रताप सिंह गाजियाबाद जाएंगे। बिजनौर के संतोष कुमार यादव को प्रयागराज और अमर पाल सिंह को सहारनपुर भेजा गया है।
बुंदेलखंड में झांसी के ज्ञान प्रकाश उन्नाव जाएंगे और ललित कुमार पांडेय बांदा। ललितपुर के श्रवण कुमार राठौर को बिजनौर, सईद तनवीर हसन को बांदा और भानु प्रताप सिंह-1 को आजमगढ़ भेजा गया है। जालौन के अभिनव तिवारी को सोनभद्र और श्रीश कुमार मिश्रा को मीरजापुर मिला है। हमीरपुर के रविन्दर सिंह पाल प्रयागराज जाएंगे, जबकि महोबा के रामानंद मिश्रा कानपुर देहात और प्रमित सचान सीतापुर भेजे गए हैं।
पूर्वांचल में गाजीपुर के सुनील कुमार सिंह-2 प्रयागराज पहुंचेंगे और राम नारायण वर्मा सिद्धार्थनगर। मीरजापुर की दीक्षा पांडेय को अयोध्या और आशीष कुमार पांडेय को चित्रकूट भेजा गया है। सोनभद्र की अंजनी कुमार गुप्ता अब गोरखपुर में काम संभालेंगी। आजमगढ़ के शैलेश कुमार कुशीनगर और विवेकानंद बाराबंकी जाएंगे, जबकि मऊ के डॉ. धर्मेंद्र कुमार पांडेय आजमगढ़ आएंगे। सोनभद्र के अमित कुमार सिंह को आजमगढ़ और भदोही के अजय कुमार सिंह को गौतमबुद्धनगर भेजा गया है।
इस सूची में प्रयागराज मेला प्राधिकरण के कई अफसर भी शामिल हैं। वहां तैनात इंदुभूषण शर्मा को कुशीनगर, कुंवर देवव्रत सिंह को झांसी, सत्येश मिश्रा को गोरखपुर, जैसवार हंसराज को हरदोई और ऋषि कुमार मिश्रा को लखनऊ भेजा गया है। इसी सूची में गाजियाबाद के रजत सिंह बरेली और आगरा के चन्द्र प्रकाश राजपूत ललितपुर जाएंगे। ललितपुर के नरेशचंद्र को महोबा के चरखारी स्थित मंडलीय लेखपाल प्रशिक्षण विद्यालय भेजा गया है।
आदेश संख्या 2982 और 2983 बाकी आदेशों से थोड़े अलग हैं। इनमें चुनाव आयोग के परिपत्र की जगह शासन से मिली शासकीय अनुमति का जिक्र है। 2982 में अमेठी के आलोक कटियार को रामपुर, बांदा के अवनीश सिंह को चंदौली और प्रयागराज के विनय कुमार बरनवाल को सीतापुर भेजा गया है। रामपुर की श्रद्धा गुप्ता सहारनपुर और ललितपुर के पीयूष कुमार भार्गव उन्नाव जाएंगे।
2983 में गोंडा की कविता ठाकुर को राजस्व परिषद, लखनऊ में तैनाती मिली है। प्रवीन्द्र प्रताप गिरि को हरदोई के राजा टोडर मल सर्वेक्षण एवं भूलेख प्रशिक्षण संस्थान भेजा गया है। गोंडा के आशुतोष कुमार पांडेय लखनऊ जाएंगे, प्रतापगढ़ की दीपाली मौर्या भदोही और बलिया के अभिषेक कुमार सिद्धार्थनगर।
आदेश में कहा गया है कि सभी तहसीलदार परिषद स्तर से ही स्वतः कार्यमुक्त माने जाएंगे। उन्हें आज ही नए जिले में कार्यभार ग्रहण करना होगा। संबंधित जिलाधिकारियों से कहा गया है कि वे तहसीलदारों को तुरंत अवमुक्त करें। अवमुक्ति की तारीख, तबादला आदेश और नई जगह कार्यभार ग्रहण करने के आदेश की प्रति कार्मिक के मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड करके परिषद को सूचित किया जाए।
Location : Lucknow
Published : 16 November 2026, 1:11 PM IST
Topics : Election Commission of India Revenue Council UP Tehsildar Transfer List UP Tehsildar Transfer Uttar Pradesh News