
बदायूं की इस घटना ने खड़े किए बड़े सवाल
Badaun: बदायूं में महिला के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। थाना कादरचौक क्षेत्र के रमजानपुर गांव में दबंगों ने एक महिला को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चाओं में आ गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
घटना बदायूं जिले के थाना कादरचौक क्षेत्र स्थित रमजानपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सद्दाम की टाल के पास कुछ लोगों ने महिला को रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में महिला को सड़क पर गिराकर पीटते हुए देखा जा सकता है। आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घायल महिला रूपा (29), पत्नी शिवदयाल निवासी रमजानपुर ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उसके साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसे सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह घायल हो गई।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने महिला के साथ हुई घटना पर नाराजगी जताई है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बदायूं: सट्टा-जुआ माफियाओं पर कार्रवाई की मांग, वाल्मीकि धर्म समाज ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
घायल महिला के परिजनों ने थाना कादरचौक पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए बदायूं जिला अस्पताल भेज दिया।
कादरचौक थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Badaun
Published : 25 May 2026, 3:22 PM IST