हिंदी
बासोमा रेलवे फाटक पर महिला की ट्रेन से कटकर हुई मौत
Badaun: बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में एक दुखद हादसा हो गया। बासोमा रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और उझानी कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मृतका की पहचान तारावती पत्नी सूरज उर्फ संजू, निवासी बासोमा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई की और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
परिजनों के अनुसार तारावती के चार बच्चे हैं और अभी तक किसी की भी शादी नहीं हुई है। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक परिवार में कुछ समय से आपसी मनमुटाव चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
उझानी कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रेलवे पुलिस भी मामले की पड़ताल कर रही है कि हादसा कैसे हुआ।
गांव में घटना के बाद सुरक्षा और एहतियात को लेकर रेलवे फाटक पर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
Location : Badaun
Published : 7 June 2026, 7:47 PM IST