हिंदी
महिला अस्पताल में एडमिट
Ballia/Deoria News: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में रविवार को 'जाको राखे साइयां, मार सके न कोई' कहावत को हकीकत में तब देखा गया, जब एक अधेड़ महिला लगभग 60 किलोमीटर दूर तक घाघरा नदी की तेज धार में बहने के बावजूद जिंदा बच निकली। घटना बलिया के मनियर थाना क्षेत्र की है, जहां रविवार दोपहर करीब 2:00 बजे दियारा इलाके में भैंस चरा रही एक महिला ने नदी में बहती एक महिला को देखा, जो हाथ हिलाकर मदद की गुहार लगा रही थी।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मनियर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बाद में महिला की पहचान देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिया दक्षिण निवासी शशि किरण देवी (50) पत्नी घनश्याम पांडेय के रूप में हुई। देर शाम परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने इसे भगवान का चमत्कार बताया।
सुबह टहलते वक्त नदी में फिसली, बहती चली गई
परिजनों ने बताया कि शशि किरण देवी रोज सुबह टहलने जाती थी। रविवार की भोर में करीब 4 बजे वे घर से निकली और पास ही स्थित घाघरा नदी के किनारे पहुंचीं। वहीं शौच करने के बाद जब वह पैर धो रही थी, तभी अचानक फिसल गई और नदी की तेज धारा में बहने लगी। अंधेरा होने और आसपास किसी के न होने के कारण किसी को इसका पता नहीं चल सका। सुबह जब शशि किरण देवी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आशंका यह भी जताई गई कि वह नदी में डूब गई होंगी। परिवार और गांव के लोग मायूस हो गए।
60 किलोमीटर दूर बलिया में मिली जिंदगी की नई सुबह
उधर दोपहर करीब 4 बजे बलिया जनपद के मनियर थाना क्षेत्र के दियारा टुकड़ा नंबर-2 में भैंस चरा रही महिला निर्मला देवी पत्नी वीरेन्द्र प्रसाद की नजर नदी में बह रही एक महिला पर पड़ी, जो किसी तरह खुद को बचाने के लिए हाथ हिला रही थी। बिना देर किए निर्मला देवी ने शोर मचाया और आसपास के ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। ग्रामीणों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद महिला को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पीएचसी मनियर में इलाज के लिए भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद जब महिला ने होश में आकर अपना नाम-पता बताया तो पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
पुलिस का बयान
मनियर थाना प्रभारी रत्नेश कुमार दूबे ने बताया, "घाघरा नदी में बहती एक महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से महिला को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की पहचान शशि किरण देवी निवासी मईल थाना, देवरिया के रूप में हुई है। इलाज के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
Location : Ballia/Deoria News
Published : 14 July 2025, 8:51 AM IST
Topics : Ballia Deoria Dial 112 Dynamite News ghaghara river क्राइम